टूर्नामेंट इंडियन पोलो एसोसिएशन और चंडीगढ़ पोलो एसोसिएशन द्वारा पोलो क्लब में आयोजित किया जा रहा
सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: आर्मी सर्विस कॉर्प्स ने महाराजा रणजीत सिंह पोलो टूर्नामेंट के पांचवें दिन एकतरफा मुकाबले में आर्टिलरी को 12–5 से मात दी । यह टूर्नामेंट इंडियन पोलो एसोसिएशन और चंडीगढ़ पोलो एसोसिएशन द्वारा पोलो क्लब में आयोजित किया जा रहा है।आर्टिलरी टीम दो गोल की बढ़त के साथ मैदान में उतरी, लेकिन कर्नल यतिंदर ने शुरुआती गोल कर आर्मी सर्विस कॉर्प्स के लिए मैच का रुख बदल दिया।
उन्हें सिपाही रविंदर सिंह का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने दो गोल कर टीम को 3–2 की बढ़त दिला दी। दूसरे चक्कर में आर्मी सर्विस कॉर्प्स ने खेल पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा और सिपाही मुकेश गुर्जर तथा सिपाही रविंदर सिंह ने गोल कर बढ़त 6–2 कर दी।आर्टिलरी ने वापसी की कोशिश की और नफेदार इरफान खान ने केप्टन प्रिंस पाल की सहायता से दो शानदार गोल किए। इसके बाद गनर उदय ने पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 8–5 कर दिया और टीम को मुकाबले में वापस लाने की कोशिश की। हालांकि, मैच के अंतिम चरण में आर्मी सर्विस कॉर्प्स ने नियंत्रण बनाए रखा और अंततः 12–5 से आसान जीत दर्ज की।
दिन के दूसरे मुकाबले में जीबी लीजेंड्स चंडीगढ़ ने अपनी जीत की लय बरकरार रखते हुए हरियाणा को रोमांचक सडन डेथ मुकाबले में 10–9 से हरा दिया। हरियाणा पांच गोल की बढ़त के साथ मैदान में उतरा था, लेकिन दिलप्रीत सिंह सिद्धू और लेफ्टिनेंट कर्नल विशाल चौहान ने दो-दो गोल कर बढ़त को कम करते हुए स्कोर 6–5 कर दिया।दूसरे चक्कर में दीपक वालिया और जितेंद्र राठौर की शानदार जोड़ी ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए स्कोर 7–7 से बराबर कर दिया।
तीसरे चक्कर में मुकाबला और रोमांचक हो गया और नवीन सिंह ने अंतिम मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलकर स्कोर 9–9 कर दिया।मैच का फैसला चौथे चक्कर के सडन डेथ में हुआ, जहां नवीन सिंह ने पहले ही मिनट में गोल कर जीबी लीजेंड्स चंडीगढ़ को शानदार जीत दिला दी।टूर्नामेंट के मुकाबले शुक्रवार को भी जारी रहेंगे।

