सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: कर्नल सी.के. नायडू ट्रॉफी मुकाबले में चंडीगढ़ (यूटी) की टीम ने उत्तराखंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। दूसरे दिन के खेल की समाप्ति तक मेज़बान टीम ने 457/4 का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया और 123 रन की बढ़त हासिल कर ली। इससे पहले उत्तराखंड की टीम पहली पारी में 334 रन पर सिमट गई थी। मुकाबला सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है।
43/0 से आगे खेलना शुरू करने उतरी चंडीगढ़ की टीम के लिए दीपेंद्र कुश ने पारी संभाली। कुश ने धैर्य और संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 190 रन बनाए। उनकी इस शानदार पारी में 21 चौके शामिल रहे। उन्होंने शुरुआत से लेकर दिन के अंत तक क्रीज़ पर टिके रहकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
कुश को अन्य बल्लेबाज़ों का भी बेहतरीन साथ मिला। दुश्यंत ने 104 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को मजबूत आधार दिया। इसके बाद कप्तान आरुष भंडारी ने आक्रामक अंदाज़ में बल्लेबाज़ी करते हुए 125 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और तीन छक्के शामिल थे। कुश और भंडारी के बीच 220 रन की बड़ी साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह चंडीगढ़ की ओर मोड़ दिया।उत्तराखंड की ओर से हर्ष राणा ने तीन विकेट लेकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन चंडीगढ़ के बल्लेबाज़ों के सामने गेंदबाज़ ज्यादा असरदार साबित नहीं हो सके।

