विजेता मुक्केबाज पूजा रानी को ट्राइडेंट ग्रुप ने मदद का हाथ बढ़ाया और 1,00,000 का वित्तीय अनुदान प्रदान किया
सिटीन्यूज़ नॉउ
चण्डीगढ़/पंजाब। जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को सशक्त बनाने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत, ट्राइडेंट ग्रुप ने चेयरमैन एमेरिटस पद्मश्री राजिंदर गुप्ता के दूरदर्शी नेतृत्व में, भारतीय बॉक्सिंग की उभरती खिलाड़ी पूजा रानी को वित्तीय एवं संस्थागत सहयोग प्रदान किया है।
पूजा रानी की यात्रा धैर्य, संकल्प और अटूट जज़्बे का प्रतीक है। अंडर-19 वर्ग में प्रतिस्पर्धा करने वाली पूजा पंजाब के बरनाला की रहने वाली हैं। गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली पूजा ने शुरुआत में किसी भी तरह की सुविधाओं के बिना बॉक्सिंग सीखी। पूजा रानी ने अपने अब तक के बॉक्सिंग करियर में कई अहम उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने वर्ष 2023 में रांची में आयोजित नेशनल चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद 2025 में छत्तीसगढ़ नेशनल चैम्पियनशिप में रजत पदक अपने नाम किया। राज्य स्तर पर भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है जहाँ पंजाब स्टेट गेम्स (खेड़ां वतन पंजाब दीआं) में उन्होंने दो रजत पदक जीते और फेडरेशन स्टेट चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया।
ट्राइडेंट ग्रुप का मानना है कि प्रतिभा हालात से नहीं, बल्कि मेहनत और हौसले से बनती है। ट्राइडेंट ग्रुप लंबे समय से शिक्षा, खेल और सामाजिक विकास के जरिए जमीनी स्तर पर युवाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है।ट्राइडेंट ग्रुप के सहयोग से, बरनाला की रहने वाली बॉक्सर पूजा रानी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने और देश का नाम रोशन करने के अपने सपने को साकार करने के लिए तैयार हैं।