सिटीन्यूज़ नॉउ
चण्डीगढ़। भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी जी की जयंती के अवसर पर चंडीगढ़ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नंदिता हुड्डा ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने भी उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके महान योगदान को याद किया।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष नंदिता हुड्डा ने कहा कि राजीव गांधी जी आधुनिक भारत के निर्माता थे, जिन्होंने देश को 21वीं सदी की तकनीकी प्रगति की ओर अग्रसर किया। सूचना क्रांति से लेकर पंचायती राज में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने तक, उनके कदम आज भी लोकतंत्र को मजबूत बनाने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए मतदान की आयु 21 से घटाकर 18 वर्ष की, जिससे करोड़ों युवाओं को राजनीति और राष्ट्रनिर्माण में सीधे भागीदारी का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी जी का जीवन दूरदृष्टि, सादगी और समर्पण का प्रतीक था। उनका विश्वास था कि भारत तभी आगे बढ़ सकता है जब गांव-गांव तक शिक्षा, विज्ञान और तकनीक पहुंचे।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज देश के विकास और प्रगति की जो नींव दिखाई देती है, उसमें राजीव गांधी जी का महत्वपूर्ण योगदान है। इस अवसर पर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों को अपनाने और समाज सेवा व राष्ट्रहित के कार्यों में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।