सिटीन्यूज़ नॉउ/सहगल सुशील/सिंह परमदीप
चंडीगढ़: विश्व जाट महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरपाल सिंह जाट ने कहा किपंजाब में युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने हेतु व नशे की प्रवृति पर लगाम लगाने के लिए विश्व जाट महासभा पंजाब में नशामुक्ति कार्यशाला का आयोजन करेगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को बेरोजगारी दूर करने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए ताकि युवा इमीग्रेशन संचालकों के बहकावे में न आकर पंजाब में ही रोजगार प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि जिस तरह अमेरिका भारतीय नागरिकों को बेड़ियों में जकड़ कर भारत वापिस भेज रहा है, यह निंदनीय है।अगर इंडिया में ही युवाओं को रोजगार मुहैया होता तो वे अमेरिका जाते ही क्यों। सरकार तो केवल धर्मिक उन्माद की तरफ विशेष रुचि ले रही है।
चौधरी वीरपाल सिंह जाट ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार किसानों की हितैषी नही है। सरकार की किसानों के साथ वार्ता मात्र दिखावा है। पंजाब सरकार को युवा वर्ग की तरफ विशेष ध्यान देना चाहिए।
विश्व जाट महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरपाल सिंह जाट ने इस मौके पंजाब और हरियाणा के प्रदेश प्रधान भी नियुक्त किए। जिन्हें इस मौके उन्होंने नियुक्ति पत्र भी सौंपे। पंजाब प्रधान के लिए यहाँ दर्शन सिंह सरा और हरियाणा प्रधान पद के लिए बलजीत सिंह को नियुक्त किया गया। प्रधान नियुक्त किए जाने पर पंजाब प्रदेश के अध्यक्ष दर्शन सिंह और हरियाणा प्रदेश के अध्यक्ष बलजीत सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरपाल सिंह जाट का आभार व्यक्त किया और संगठन की मजबूती के लिए ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से काम करने का आश्वासन दिया।