सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: नगर निगम चंडीगढ़ ने शहर की पेड पार्किंग व्यवस्थाओं को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं के अनुरूप बनाने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में संयुक्त आयुक्त डॉ. इंद्रजीत ने इंडस्ट्रियल एरिया फेज-I स्थित इलांटे मॉल के समीप पेड पार्किंग तथा सेक्टर-26 की आइडल ट्रक पार्किंग का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पार्किंग स्थलों पर साइनेज, थर्मोप्लास्टिक रोड मार्किंग, बैरिकेडिंग, सफाई और रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को खामियों को तत्काल दूर करने और पार्किंग स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित पार्किंग स्थानों पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें अतिक्रमण एवं अन्य बाधाओं से मुक्त रखने तथा सुगम पहुंच सुनिश्चित करने को कहा गया।
बिजली और बागवानी विभाग के अधिकारियों को पर्याप्त लाइटिंग बनाए रखने और आवश्यकतानुसार पेड़ों की छंटाई के निर्देश भी दिए गए।संयुक्त आयुक्त ने स्पष्ट किया कि पार्किंग स्थलों पर सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक सुविधा से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

