सिटीन्यूज़ नॉउ
पंचकूला: सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में रोजाना सैकड़ों बच्चे और खिलाड़ी क्रिकेट की नेट प्रैक्टिस के लिए पहुंचते हैं, लेकिन नेट्स एरिया के पास अधूरे पड़े कार्य और नीचे लटकती बिजली की तारों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, स्टेडियम के मुख्य क्रिकेट ग्राउंड का काम पूरा किया जा चुका है, जबकि नेट्स एरिया के आसपास अभी भी कुछ कार्य अधूरा है। इसी क्षेत्र में बिजली की तारें नीचे लटकती दिखाई दे रही हैं, जिससे खिलाड़ियों और बच्चों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि पिछले कई महीनों से यह स्थिति बनी हुई है।सूत्रों के अनुसार, कुछ बच्चे इन तारों के कारण करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच चुके हैं। बरसात के दौरान जमीन पर पानी जमा होने से खतरा और बढ़ सकता है।
ऐसे में शहर के समाजसेवियों ने स्टेडियम प्रबंधन से तत्काल मौके का निरीक्षण करवाकर बिजली विभाग के सहयोग से तारों को सुरक्षित कराने तथा अधूरे कार्य को जल्द पूरा करने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

