सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज फॉर विमेन के महिला विकास प्रकोष्ठ की ओर से आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के तत्वावधान में ‘द ग्लास सीलिंग : रियलिटी, एक्सक्यूज़ ऑर समथिंग इन बिटवीन’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई।
इसका उद्देश्य छात्राओं को महिलाओं की व्यक्तिगत और व्यावसायिक प्रगति में बाधा बनने वाली अदृश्य सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यक्तिगत रूढ़ियों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यशाला में पब्लिसिस ग्रुप की वरिष्ठ उपाध्यक्ष निधि लाल ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने समाज में व्याप्त लैंगिक असमानता, महिलाओं के लिए सीमित अवसरों और करियर संबंधी चुनौतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए नेतृत्व के अवसर तलाशने चाहिए।
समाज की निर्धारित अपेक्षाओं और ‘गुड गर्ल सिंड्रोम’ के दबाव में अपनी आकांक्षाओं को सीमित करने के बजाय साहस और आत्मविश्वास के साथ अपनी अलग पहचान बनानी चाहिए। उन्होंने सफलता की राह में मार्गदर्शन, सहयोग और मेंटरशिप के महत्व पर भी जोर दिया।
कार्यवाहक प्राचार्या नीना शर्मा ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं छात्राओं में आत्मविश्वास, स्वतंत्र सोच और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक हैं। उन्होंने कहा कि बदलते व्यावसायिक माहौल में छात्राओं के लिए अपनी प्रतिभा को पहचानना और लैंगिक रूढ़ियों से आगे बढ़कर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाना जरूरी है।

