सिटीन्यूज़ नॉउ
मोहाली: दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), मोहाली में बुधवार को वार्षिक इंटर स्कूल फेस्टिवल ‘कलाउत्सव-2026’ का आयोजन किया गया। ‘सृजन की ओर – क्रिएट, कंजर्व, सेलिब्रेट’ थीम पर आधारित इस समारोह में ट्राइसिटी के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ भविष्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
नर्सरी से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस फेस्टिवल में सात प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इनमें ई-कोलाज मेकिंग, ड्रामेटिक मोनोलॉग, जूट से पर्यावरण अनुकूल क्राफ्ट, इको-डांस, अंग्रेजी कविता पाठ, पुराने सामान से फैशन डिजाइनिंग और क्ले मॉडलिंग शामिल रहीं।
प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और नए विचारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। डिजिटल कलाकृतियों से लेकर प्राकृतिक सामग्री से तैयार हस्तशिल्प और रचनात्मक प्रस्तुतियों तक, हर गतिविधि में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की झलक देखने को मिली।
स्कूल की डायरेक्टर रीमा दीवान ने सभी प्रतिभागी स्कूलों, विद्यार्थियों और शिक्षकों को उनके उत्साहपूर्ण सहयोग एवं शानदार प्रस्तुतियों के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के संकल्प के साथ हुआ। फेस्टिवल ने संदेश दिया कि रचनात्मक पहल और छोटे-छोटे प्रयासों से स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।

