सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: खाद्य प्रसंस्करण केवल खेतों में पैदा होने वाली उपज को बाजार तक पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत को मूल्य देने, रोजगार सृजित करने और देश की खाद्य व्यवस्था को मजबूत बनाने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। इसी व्यापक भूमिका को सामने लाने के उद्देश्य से फूड इंडस्ट्री एशिया (FIA) ने ‘फूड प्रोसेसिंग इन इंडिया: द बिगर पिक्चर’ पुस्तक का विमोचन किया। नई दिल्ली के एयरोसिटी स्थित अलॉफ्ट बाय मैरियट में आयोजित FIA इंडिया कॉन्फ्रेंस में पुस्तक का लोकार्पण किया गया।
पुस्तक में नीति निर्माताओं, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और उद्योग विशेषज्ञों ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए हैं। इसमें कृषि से उद्योग, बाजार से उपभोक्ता और उत्पादन से मूल्य संवर्धन तक की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया है।
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने प्रस्तावना में उत्पादन के साथ-साथ मूल्य सृजन और उसका लाभ किसानों तक पहुंचाने को इस क्षेत्र की असली कसौटी बताया।पुस्तक में खाद्य सुरक्षा, पोषण, गुणवत्ता, रोजगार, किसानों की आजीविका, टिकाऊ विकास, खाद्य अपव्यय में कमी और वैश्विक व्यापार जैसे विषयों को भी समाहित किया गया है।
FIA के सीईओ मैट कोवाक और पुस्तक के संपादक डॉ. हरिंदर सिंह ओबेरॉय ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण को समग्र दृष्टिकोण से समझना जरूरी है। पुस्तक का उद्देश्य इस क्षेत्र की संभावनाओं और भारत के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में इसके योगदान को नई दृष्टि प्रदान करना है।

