Home Blog Page 31

सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा से मिलती है सुख, समृद्धि और आरोग्यता : प्रभुनाथ शाही

0

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़: लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा की शुरुआत शनिवार से हुआ। छठव्रतियों ने स्नान ध्यान के बाद अपने अपने घरों में पवित्रता और शुद्धता के साथ चावल,चना की दाल तथा लौकी की सब्जी बनाकर प्रसाद ग्रहण करके चार दिवसीय व्रत की शुरुआत किए।

पूर्वांचल परिवार के शुभचिंतक एवं जय मधुसूदन जय श्रीकृष्ण फाउंडेशन के संस्थापक पर्यावरण सेवक प्रभुनाथ शाही ने बताया कि चंडीगढ़,मोहाली और पंचकूला के पूर्वांचल परिवारों में शनिवार नहाए खाए के साथ ही महापर्व छठ पूजा की शुरुआत हो गयी और अगले मंगलवार सूर्योदय तक यह महान जन कल्याणकारी तथा पर्यावरण के लिए समर्पित महाव्रत चलेगा।

रविवार(26-अक्टूबर) को सायंकाल खरना का प्रसाद होगा जिसमे श्रद्धालुगण छठव्रतियों के यहाँ पहुँचकर अपने मनोकामना के पूर्ण होने के कामना के साथ पवित्रता के साथ खरना के प्रसाद में देशी घी लगी गेहूँ के आटा की रोटी और गाय के दूध में चावल तथा गुड़ की बनी हुई खीर ग्रहण करेंगे। सोमवार को सायंकाल डूबते सूर्य को अर्घ्य तथा मंगलवार को सुबह उगते सूर्य के अर्घ्य के साथ व्रत पूर्ण होगा ।

शाही ने बताया कि छठ व्रत में सभी के लिए सुख,समृद्धि और आरोग्यता की कामना की जाती हैं।इस महापर्व से सच्चे अर्थ में वसुधैव कुटुंबकम् और पर्यावरण के संरक्षण का संदेश मिलता है।

चंडीगढ़ स्टेट स्केटिंग में रोलर हॉकी के विजेताओं को फेडरेशन के अध्यक्ष ने दिए पदक

0

400 से अधिक स्केटर्स हॉकी और स्पीड मुकाबलों में हिस्सा ले रहे है

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़ : चंडीगढ़ के 400 से अधिक स्केटर्स स्टेट स्केटिंग चैंपियनशिप में भाग ले रहे है। शनिवार को रोलर हॉकी और स्पीड स्केटिंग के मुकाबले आयोजित किए गए। रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष तुलसी राम अग्रवाल ने विजेताओं को पदक प्रदान किए। चैंपियनशिप का आयोजन 25 से 28 अक्टूबर तक किया जा रहा है।

रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष तुलसी राम अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि इस चैंपियनशिप के आधार पर ही नेशनल स्पीड स्केटिंग तथा नेशनल रोलर हॉकी चैंपियनशिप तथा अन्य इवेंट के लिए चंडीगढ़ की टीम का चयन किया जाएगा। तुलसी के अनुसार केवल उन्हीं स्केटर्स को नेशनल चैंपियनशिप में भाग लेने दिया जाएगा जो इस स्टेट चैंपियनशिप में भाग ले रहे है।

परिणाम 6–8 वर्ष आयु वर्ग (लड़के) की 1000 मीटर रिंक रेस में विराट नारवाल ने स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया, जबकि अधिराज राय ने रजत और वेदांश शारदा ने कांस्य पदक जीता। इसी आयु वर्ग की लड़कियों की श्रेणी में हार्सी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि अवनीत को रजत और श्रिष्टि को कांस्य पदक मिला। 8–10 वर्ष आयु वर्ग में लड़कों की रिंक रेस में गर्व राय ने स्वर्ण, कुंज वशिष्ठ ने रजत और मनवीर सिंह ने कांस्य पदक जीता। वहीं लड़कियों की श्रेणी में दृति कौशल ने स्वर्ण, सरगुन कौर ने रजत और कायरा ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

केबलवन लेकर आया एक नयी सीरीज `लक्कड़बग्गे’

सच्ची घटनाओं पर आधारित इस सीरीज़ ने खोला सिस्टम का काला सच

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़। ‘लक्कड़बग्गे’, एक ऐसी सीरीज़ है जिसने पेपर लीक स्कैम्स और भ्रष्टाचार की सच्चाई को बेखौफ़ तरीके से उजागर किया है। युवा निर्देशकों परम रियार और हृषभ शर्मा के निर्देशन में बनी यह सीरीज़ उन सच्ची घटनाओं से प्रेरित है, जिनमें एक लीक हुआ पेपर हज़ारों छात्रों के भविष्य को तबाह कर देता है। कहानी दिखाती है कि कैसे रिश्वत, लालच और Vlogs की साज़िशें शिक्षा व्यवस्था को भीतर से खोखला कर देती हैं।

सीरीज़ में गुरप्रीत रटौल, रीत कौर, अवर बरार, जोध अंट्टल, अजीत सिंह और अन्य कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय से पात्रों को जीवंत बनाया है। इसे लिखा है हृषभ शर्मा ने, जबकि निर्माण सुमीत सिंह और अरमान सिद्धू ने किया है। ‘लक्कड़बग्गे’ अब छह भाषाओं पंजाबी, हिंदी, अंग्रेज़ी, तमिल, तेलुगू और मलयालम में उपलब्ध रहेगी।

केबलवन ने सागा स्टूडियोज़ की साझेदारी से इस सीरीज़ के ज़रिए मनोरंजन जगत में एक नई दिशा दी है।

पारस हेल्थ पंचकूला ने लॉन्च किया डेडिकेटेड ओबेसिटी क्लीनिक

वजन और स्वास्थ्य सुधार के लिए पारस हेल्थ का नया ओबेसिटी सेंटर

सिटीन्यूज़ नॉउ

पंचकूला : पारस हेल्थ पंचकूला ने आज अपना नया डेडिकेटेड ओबेसिटी (मोटापा) क्लीनिक लॉन्च किया। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को वजन नियंत्रण और उससे जुड़ी बीमारियों से बचाने के लिए समग्र और व्यक्तिगत देखभाल प्रदान करना है।ओबेसिटी क्लीनिक में मेडिकल और सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, एंडोक्रिनोलॉजी, डाइट और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट, काउंसलर और फिजियोथेरेपिस्ट की टीम मिलकर मरीजों को पर्सनलाइज्ड और हॉलिस्टिक देखभाल प्रदान करेगी।

पारस हेल्थ की टीम का कहना है कि हम हर मरीज के लिए संतुलित और प्रैक्टिकल न्यूट्रिशन प्लान बनाते हैं। लगातार काउंसलिंग और शिक्षा के माध्यम से हम लोगों को स्वस्थ आदतें अपनाने में मदद करते हैं ताकि वे जीवनभर इन्हें जारी रख सकें।”डॉ. पंकज मित्तल, फैसिलिटी डॉयरेक्टर ने कहा कि हमारा ओबेसिटी क्लीनिक मरीजों को मेडिकल, सर्जिकल, न्यूट्रिशन और इमोशनल गाइडेंस सहित समग्र देखभाल उपलब्ध कराता है।

यह मरीजों को वजन कम करने, स्वास्थ्य सुधारने और जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने में मदद करता है।क्लीनिक में विस्तृत स्वास्थ्य जांच, पोषण काउंसलिंग, वजन घटाने की थेरेपी, एंडोक्राइन मैनेजमेंट और एडवांस्ड गैस्ट्रो व बैरिएट्रिक प्रक्रियाओं जैसी सुविधाएँ उपलब्ध हैं। इससे डायबिटीज, हृदय रोग और मेटाबॉलिज्म से जुड़ी बीमारियों से बचाव भी संभव है।

पारस हेल्थ का यह कदम उत्तर भारत में विशेषज्ञ इलाज और दयालु देखभाल पहुँचाने के उनके मिशन को और मजबूत करता है। अस्पताल पंचकुला, गुरुग्राम, पटना, उदयपुर, रांची, दरभंगा, कानपुर और श्रीनगर में मौजूद हैं, जहां आधुनिक तकनीक और बेहतरीन इलाज की सुविधा मरीजों को मिलती है।

आर्यन्स हेल्पिंग हैंड हब ने आर्यन्स परिसर में एक प्रदर्शनी का आयोजन किया

सिटीन्यूज़ नॉउ

मोहाली: आर्यन्स ग्रुप ऑफ कॉलेजेज, राजपुरा, चंडीगढ़ के पास, के आर्यन्स हेल्पिंग हैंड हब ने आर्यन्स परिसर में एक विशेष दान प्रदर्शनी का आयोजन किया। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद और योग्य छात्रों और कर्मचारियों को उपयोगी वस्तुएं निःशुल्क प्रदान करके उनकी सहायता करना था।

आर्यन्स ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के अध्यक्ष डॉ. अंशु कटारिया ने आर्यन्स हेल्पिंग हैंड हब के नेक प्रयासों की सराहना की और परिसर में इस तरह की और अधिक मानवीय पहलों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ये प्रयास न केवल जरूरतमंदों की मदद करते हैं, बल्कि छात्रों में सहानुभूति, उदारता और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों का भी संचार करते हैं।

आर्यन्स ग्रुप के महानिदेशक डॉ. परवीन कटारिया ने बताया कि यह कार्यक्रम सभी के लिए खुला था और सभी वस्तुएं पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर निःशुल्क वितरित की गईं। छात्रों और शिक्षकों की भारी भागीदारी ने प्रदर्शनी को सार्थक रूप से सफल बनाया।

प्रदर्शनी में स्टेशनरी, किताबें, कपड़े, जूते, क्रॉकरी और अन्य आवश्यक वस्तुओं सहित दान की गई सामग्रियों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रदर्शित की गई। सभी योगदान संस्थान के संकाय सदस्यों, छात्रों और शुभचिंतकों से एकत्र किए गए थे, जिससे आर्यन्स परिवार में साझा करने और करुणा की भावना को बल मिला।

अंडर-19 गर्ल्स टीम भुवनेश्वर के लिए रवाना, खेलेंगी टी20 टूर्नामेंट

0

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़: चंडीगढ़ की अंडर-19 गर्ल्स क्रिकेट टीम भुवनेश्वर (ओडिशा) के लिए रवाना हो गई है, जहां वे बीसीसीआई के महिला अंडर-19 टी20 टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। टीम की कप्तानी ताइशा मनचंदा कर रही हैं।

चंडीगढ़ टीम 26 अक्टूबर को बड़ौदा के खिलाफ, 27 अक्टूबर को हरियाणा के खिलाफ, 29 अक्टूबर को जम्मू और कश्मीर के खिलाफ, 31 अक्टूबर को विदर्भ के खिलाफ और 2 नवंबर को राजस्थान के खिलाफ अपने मैच खेलेगी।

टीम में ताइशा मंछंदा के अलावा जस्मीत बैदवान, दीप्ति वालिया, गानिका बंसल, दिविंदी जस्मीत कौर, आहान वैद, पूरवी सिंह, तरुणिका, समार्या ठाकुर, तनीषा कटारिया, हितांशी, समृद्धि बिष्ट, नितिका और पारुल सैनी शामिल हैं।

20 वर्षीय महिला मरीज़ का सफल लिविंग डोनर ट्रांसप्लांट हुआ

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़: लिवासा अस्पताल में 20 वर्षीय महिला मरीज़ का सफल लिविंग डोनर ट्रांसप्लांट हुआ । महिला मरीज़ की माँ , जो एक ही ब्लड ग्रुप से है, ने अपनी किडनी दान की। किडनी ट्रांसप्लांट सर्जरी कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. राधिका गर्ग और कंसल्टेंट यूरोलॉजिस्ट एवं ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. पारस राम सैनी के नेतृत्व में एनेस्थेसियोलॉजिस्ट, इंटेंसिविस्ट और नर्सिंग स्टाफ के सहयोग से किया गया। किडनी रेसिपिएंट और डोनर दोनों की हालत स्टेबल है और वे अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं, जो लिवासा पेशेंट सेफ्टी, सटीकता और देखभाल के प्रति अस्पताल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

लिवासा हॉस्पिटल्स के सीईओ अनुराग यादव ने कहा कि यह उपलब्धि सुनिश्चित करती है कि पंजाब और पड़ोसी राज्यों के मरीज महानगरीय केंद्रों की यात्रा किए बिना उन्नत किडनी और ट्रांसप्लांट देखभाल प्राप्त कर सकें।

उन्होंने आगे कहा, यह हमारी टीम के असाधारण कौशल और करुणा को दर्शाता है और जटिल चिकित्सा उपचारों को सभी के लिए सुलभ बनाने के हमारे मिशन को पुष्ट करता है।

श्री चैतन्य गौड़ीय मठ में गोवर्धन पूजा व अन्नकूट महोत्सव मनाया गया

भगवान गोवर्धन गिरिराज जी की महाआरती एवं 56 तरह के व्यंजनों का भोग लगाया गया

सिटीन्यूज़ नॉउ

चण्डीगढ़ : श्री चैतन्य गौड़ीय मठ, सेक्टर 20 में श्री गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव बहुत ही हर्षोल्लाह एवं विधि विधान से मनाया गया। मठ के प्रवक्ता जयप्रकाश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रातः मंगल आरती के पश्चात प्रभात फेरी व श्री हरि नाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। तत्पश्चात दोपहर तक कथा संकीर्तन चलता रहा।

इस अवसर पर भक्तों को संबोधित करते हुए त्रिडंडी स्वामी श्री वामन जी महाराज जी ने भक्तों को कहा कि आज ही के दिन ब्रजमंडल स्थित स्थान पर भगवान श्री कृष्ण जी ने अपनी सबसे छोटी उंगली पर गोवर्धन गिरिराज पर्वत को उठाकर देवराज इंद्र का घमंड चकनाचूर किया था और ब्रजवासियों की रक्षा की थी।

ब्रजवासियों ने इंद्र देवता की पूजा करने की बजाय भगवान श्री कृष्ण की पूजा करनी प्रारंभ कर दी थी, इसलिए क्रोध में आकर देवराज इंद्र ने ब्रज मंडल को वर्षा के द्वारा पानी से डुबाने के लिए अपना संकल्प कर लिया था और भारी वर्षा प्रारंभ कर दी थी लेकिन भगवान श्री कृष्ण जी ने गोवर्धन पर्वत को अपनी तर्जनी उंगली पर उठाकर अतिवृष्टि के प्रकोप से भक्तों की रक्षा की थी।

इसी उपलक्ष्य पर हजारों वर्षों से यह पावन पर्व पूरे विश्व में गोवर्धन पूजा के रूप में भक्तों द्वारा मनाया जाता है। मथुरा से थोड़ी दूरी पर विराजमान गोवर्धन पर्वत की भक्त लोग पूरे वर्ष परिक्रमा करते हैं। कई भक्त लोग अपनी मनोकामना पूरी होने के पश्चात 22 किलोमीटर की परिक्रमा जमीन पर लेट-लेट कर भी करते हैं। आज मठ मंदिर में सुबह से ही भक्तों में उल्लास का माहौल था।

दोपहर को भगवान गोवर्धन गिरिराज जी की महाआरती एवं 56 तरह के व्यंजनों का भोग लगाया गया और परिक्रमा की गई।इस अवसर पर आज गाय की विशेष रूप से पूजा-अर्चना, वंदना-आरती की गई। गाय के शुद्ध देसी घी से प्रज्वलित दीपकों से महा आरती की गई। आज के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं यजमान प्रसिद्ध समाजसेवी  राकेश गुप्ता रहे।

भक्तों ने इस अवसर पर नृत्यगान हरि नाम संकीर्तन एवं फूलों की वर्षा कर आनंद प्राप्त किया। उसके पश्चात स्वादिष्ट प्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया व हज़ारों भक्तों ने भगवान का प्रसाद ग्रहण कर आनंद प्राप्त किया।  

भाजपा प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता ने सीएम नायब सैनी को तिलक लगाकर मनाया भैया दूज का पर्व

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा की महिलाओं को लाड़ो लक्ष्मी योजना का नायाब तोहफा दिया

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़ । भाजपा प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को तिलक लगाकर भैया दूज का पर्व मनाया। इस मौके पर उन्होंने सीएम सैनी को मिठाई खिलाई और उनकी दीर्धायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। डा. अर्चना गुप्ता ने प्रदेशवासियों को भाई-दूज पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी।

डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भैया दूज का यह पर्व सौहार्द, स्नेह और संस्कार का सुंदर प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार परिवार को एक साथ लाता है, यह भाई-बहन के रिश्ते को और गहरा बनाता है। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारतीय पर्व संस्कृति और परंपरा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है जो भाई-बहन के पवित्र बंधन और उसके मूल्यों को बनाए रखता है।

उन्होंने कहा कि नायब सरकार ने दीनदयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना का महिलाओं को ऐसा तोहफा दिया है जिससे महिलाएं और अधिक मजबूत होंगी। लाड़ो लक्ष्मी योजना के तहत अब महिलाओं को 2100 रुपये मिलने लगेंगे जिससे महिलाएं आर्थिक तौर पर सशक्त होंगी।

भाजपा सरकार में महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता मिली है। महिला उद्यमिता को बढ़ावा दिया गया है। आज महिलाएं न केवल एविएशन, बल्कि विज्ञान, रक्षा, खेल और उद्यमिता जैसे हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।

विश्वकर्मा जयंती पर दद्दू माजरा में हुआ भव्य आयोजन

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़। विश्वकर्मा मंदिर प्रबंधक कमेटी दद्दू माजरा की ओर से विश्वकर्मा जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस अध्यक्ष श्री हरमिंदर सिंह लकी तथा महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव श्रीमती ममता डोगरा ने शिरकत की।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की और समाज में एकता व विकास का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान कमेटी सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया और सामुदायिक सौहार्द पर जोर दिया।

विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हरमिंदर सिंह ने लोगों को संबोधित करते हुए भगवान विश्वकर्मा के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा जी को सृष्टि के प्रथम शिल्पकार के रूप में जाना जाता है, और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर ही समाज में रचनात्मकता और प्रगति संभव है।

महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव श्रीमती ममता डोगरा ने कार्यक्रम की सफलता के लिए आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, मेहनत और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहन देते हैं।

डोगरा ने उपस्थित सभी लोगों को विश्वकर्मा दिवस की शुभकामनाएं दीं और सभी से समाजहित में योगदान देने की अपील की साथ ही विश्वकर्मा मंदिर प्रबंधक कमेटी के प्रधान संजय पांचल, चेयरमैन राजेंद्र पांचाल, उप प्रधान सुरेश पंचाल, महासचिव आनंद पांचाल, सचिव दिनेश पांचाल का धन्यवाद किया।