Home Blog Page 46

47वें वार्षिक चंडीगढ़ संगीत सम्मेलन का शानदार शुभारंभ शहर में

पहले दिन रमणा बालाचंद्रन के कर्नाटिक परंपरा से वीणा वादन और वाद्यकारों के परकशन एन्सेम्बल ने दर्शकों को तालवाद्यों व सुरों का अद्भुत संगम सुनाया

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़। इंडियन नेशनल थियेटर द्वारा दुर्गा दास फाउंडेशन के सहयोग से सेक्टर 26 स्थित स्ट्रोबरी फील्डस हाई स्कूल के सभागार में तीन दिवसीय 47 वें वार्षिक चंडीगढ़ संगीत सम्मेलन के पहले दिन एक ओर जहां रमणा बालाचंद्रन ने श्रोताओं के समक्ष कर्नाटिक परंपरा में वीणा वादन प्रस्तुत कर कर्णप्रिय लहरियों से समां बांधा, वहीं दूसरी ओर पंडित रामकुमार मिश्रा ने उत्तर भारतीय तालवाद्य का प्रतिनिधित्व करते हुए, तबला पर कर्नाटक व वाद्यकारों के साथ परकशन एन्सेम्बल प्रस्तुत कर श्रोताओं से खूब प्रसंशा बटोरी।

शास्त्रीय संगीत की इस अनूठी संध्या में दर्शकों को तालवाद्यों और सुरों का अद्भुत संगम सुनने को मिला। कार्यक्रम से पूर्व इंडियन नेशनल थिएटर के प्रेसिडेंट अनिल नेहरू व मानद सैक्रेटरी विनीता गुप्ता ने सभी संगीत श्रोताओं का स्वागत किया।

सम्मेलन में पधारे विशेष अतिथि स्वामी भीतिहरानंद जी (रामकृष्ण मिशन, चंडीगढ़ आश्रम) और स्वामी विनिर्मुक्तानंद जी महाराज (श्रीनगर आश्रम) ने कलाकारों को सम्मानित किया। यह मोहक संध्या की शुरुआत रामना बालाचंद्रन की आत्मीय वीणा वादन प्रस्तुति से हुई, जिसने कर्नाटिक परंपरा के सुरों में जादू बिखेर दिया।

कार्यक्रम का समापन हुआ गहन आध्यात्मिकता से ओतप्रोत “नाम जाप” के साथ, जो राग पटदीप में गाया गया एक निर्गुण भजन था, जिसने श्रोताओं को शांति और भक्ति की गहराई में डूबो दिया। रमणा बालाचंद्रन प्रस्तुति के दौरान कुचिभोटला साई गिरिधर, मृदंगम पर, चंद्रशेखर शर्मा, घटम पर, जी. गुरु प्रसन्ना, खंजीरा पर बखूबी संगत की।

इन सभी कलाकारों ने जब एक साथ मंच साझा किया तो वातावरण में मानो संगीत की गंगा बह निकली। मृदंगम, घटम और खंजरी की लयकारी, तबले की गहराई और हारमोनियम के मधुर स्वरों ने श्रोताओं को भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा का अद्भुत अनुभव कराया।

कार्यक्रम के अंत में विनीता गुप्ता ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक संगीत प्रस्तुति नहीं, बल्कि भारतीय शास्त्रीय संगीत की विविधता और उसके अनंत सौंदर्य का उत्सव है।मंच का सचांलन अतुल दुबे ने किया।

मुकेश गोयल फिर से शास्त्री मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए

0

एकतरफा जीत हासिल करते हुए प्रतिद्वंद्वी को 221 वोट से मात दी

सिटीन्यूज़ नॉउ

चण्डीगढ़। शास्त्री मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर 22 के अध्यक्ष पद के लिए आज हुए चुनाव में मुकेश गोयल ने एक बार फिर बाजी मारी है। उन्होंने एक तरफ़ा जीत हासिल की। एसोसिएशन के कुल वोट 314 हैं जिनमें से 256 सदस्यों ने वोट डाली। जिनमें से मुकेश गोयल को 235 वोट हासिल हुए जबकि उनके प्रतिद्वंदी अश्विनी सिर्फ 14 वोट ही ले पाए। 7 वोटें रद्द घोषित की गईं।

जीतने के बाद मुकेश गोयल ने कहा कि वे शास्त्री मार्किट के विकास, सौंदर्यीकरण एवं कायाकल्प करने तथा यहां के कारोबारियों की समस्याएं हल करवाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

लिवर ट्रांसप्लांट, नेफ्रोलॉजी ओपीडी सेवाओं की मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की हुई शुरुआत

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़। मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, मोहाली ने मेडिसिटी हॉस्पिटल और जीवन ज्योति हॉस्पिटल, सिरसा के साथ साझेदारी में अपने लिवर ट्रांसप्लांट, और नेफ्रोलॉजी ओपीडी सेवाओं की शुरूआत की। ओपीडी सेवाओं का उद्घाटन कंसलटेंट लिवर ट्रांसप्लांट डॉ. कप्तान सिंह, और एसोसिएट कंसलटेंट नेफ्रोलॉजी डॉ. महक, मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, मोहाली की उपस्थिति में किया गया।

डॉ. कप्तान सिंह हर महीने के तीसरे बुधवार को सुबह 11 बजे से 1 बजे तक मेडिसिटी हॉस्पिटल, सिरसा में ओपीडी के लिये उपलब्ध रहेंगे, जबकि डॉ. महक हर महीने के तीसरे बुधवार को सुबह 11 बजे से 2 बजे तक जीवन ज्योति हॉस्पिटल, सिरसा में प्राथमिक परामर्श और फॉलो-अप के लिए उपलब्ध रहेंगे।

ओपीडी सेवाओं के लॉन्च पर टिप्पणी करते हुए, डॉ. कप्तान सिंह ने कहा, “समय पर निदान और प्रारंभिक प्रबंधन लिवर की बीमारी के मरीजों के लिए परिणामों में सुधार लाने के लिए महत्वपूर्ण हैं। अब सिरसा और उसके आसपास के लोगों को प्राइमरी परामर्श या फॉलो अप के लिए मेट्रो शहरों की यात्रा करने की आवश्यकता नहीं है।

डॉ. महक ने कहा, “किडनी की बीमारियां अक्सर उन्नत चरणों तक पहुँचने तक डाइअग्नोस नहीं हो पाती हैं। इन ओपीडी सेवाओं के माध्यम से, हमारा लक्ष्य किडनी से संबंधित विकारों जैसे कि पुरानी किडनी की बीमारी, किडनी की पथरी व कैंसर, या एक्यूट किडनी की चोट के लिए निवारक देखभाल, प्रारंभिक निदान, और विशेष उपचार प्रदान करना है जो मरीजों के घरों के करीब उपलब्ध हो।

मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, मोहाली रोगी-केंद्रित देखभाल प्रदान करने, अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करने और विभिन्न क्षेत्रों में मरीजों का वेलफेयर सुनिश्चित करने के लिए सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।

क्रोमा की आईफोन 17 पर ख़ास पेशकश – क्रोमा स्टोर, ट्राइब बाय क्रोमा, क्रोमा.कॉम और टाटा न्यू पर उपलब्ध

0

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़। टाटा समूह से जुड़ी भारत की अग्रणी ओम्नी-चैनल इलेक्ट्रॉनिक्स रिटेलर कंपनी, क्रोमा ने आज क्रोमा स्टोर, ट्राइब बाय क्रोमा आउटलेट, क्रोमा.कॉम और टाटा न्यू ऐप पर नए आईफोन 17 की रेंज पर ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर की घोषणा की। लॉन्च अभियान 19-27 सितंबर तक सेल विंडो के साथ शुरू होगा, जिसके बाद 26 अक्टूबर तक विस्तारित ऑफर दिए जाएंगे, और उसके बाद भी कुछ चुनिंदा लाभ जारी रहेंगे।

इनफिनिटी रिटेल लिमिटेड के एक प्रवक्ता ने इस घोषणा पर अपनी टिप्पणी में कहा, “हर साल ग्राहक बेहतरीन एक्सचेंज मूल्य, पारदर्शी वित्तपोषण विकल्प, सुनिश्चित एक्सेसरीज़ और विशेषज्ञ मार्गदर्शन के साथ सबसे भरोसेमंद आईफोन खरीदारी अनुभव के लिए क्रोमा की ओर रुख करते हैं।

हमारे विशेष आईफोन 17 ऑफर के साथ, हमने अपने क्रोमा स्टोर, ट्राइब बाय क्रोमा, कोमा.कॉम और टाटा न्यू जैसे हर चैनल पर नया फोन खरीदने की प्रक्रिया को आसान बना दिया है, ताकि ग्राहक अपनी पसंद का आईफोन चुन सकें और सार्थक बचत और लाभ (रिवॉर्ड) हासिल कर सकें।

आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में 99.60% के दावा निपटान अनुपात के साथ रही उद्योग में अग्रणी

0

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़ : आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस ने अप्रैल 2025 से जून 2025 की अवधि के लिए 99.60% के दावा निपटान अनुपात की घोषणा की, जो उद्योग में उच्चतम स्तर है। उल्लेखनीय है कि बिना जांच-पड़ताल वाले मृत्यु दावे (डेथ क्लेम) के निपटान का औसत समय केवल 1.1 दिन था।

आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के मुख्य परिचालन अधिकारी, श्री अमीश बैंकर ने कहा, “दावों के निपटान से ही स्पष्ट होता है कि कंपनी ने जो वादा किया है वह सही है या नहीं। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ में, हर दावे को बेहद गंभीरता से लिया जाता है और प्रक्रिया तेज़ी से पूरी की जाती है।

यह वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में उद्योग में सबसे अधिक 99.60% के दावा निपटान अनुपात से स्पष्ट होता है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही में कुल ₹406.89 करोड़ के मृत्यु दावों का निपटान किया। एआई और मशीन लर्निंग आधारित तकनीकों के साथ डेटा एनालिटिक्स का लाभ उठाकर हम दावों का शीघ्र और कुशलतापूर्वक निपटान कर पा रहे हैं।”

जैक फेंट की भारत दौड़ पहुंची मोहाली, सेक्टर-69 स्थित पैरागॉन स्कूल ने किया प्रेरक धावक का स्वागत

0

सिटीन्यूज़ नॉउ

मोहाली। ब्रिटिश अल्ट्रा-धावक जैक फेंट, जो मस्तिष्क ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी से जूझते हुए भी अद्भुत साहस और दृढ़ता दिखा रहे हैं, का मोहाली में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। वे भारत की संपूर्ण लंबाई 4,000 किलोमीटर से अधिक दूरी को मात्र 80 दिनों में तय करने के अपने असाधारण मिशन के तहत यहां पहुंचे।

उनकी यह यात्रा कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों से संघर्ष कर रहे लाखों लोगों के लिए धैर्य, आशा और प्रेरणा का सशक्त प्रतीक बन गई है।कई भारतीय राज्यों को पार करने के बाद पंजाब में जैक का आगमन उनके अभियान का एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ। उनका मिशन पंजाब के नशा-मुक्त समाज (नशा मुक्ति) और कैंसर जागरूकता अभियानों के साथ जुड़ा है।

पैरागॉन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-69, मोहाली, जो छात्रों में स्वास्थ्य, फिटनेस और सामाजिक ज़िम्मेदारी को बढ़ावा देने के लिए प्रसिद्ध है, ने जैक का स्वागत कर उनके संदेश को व्यापक रूप से प्रसारित करने का संकल्प लिया। हमें गर्व है कि हम ऐसे अभियान का हिस्सा है, जो शारीरिक फिटनेस और सामाजिक जागरूकता दोनों को प्रोत्साहित करता है।

इस अवसर पर उनके साथ प्रशासनिक निदेशक हर्षदीप सिंह शेरगिल भी उपस्थित रहे और विद्यालय की सामाजिक उत्तरदायित्व व युवा सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया।यह असाधारण दौड़, ब्रह्म ज्ञानी संत बाबा अजीत सिंह जी के आशीर्वाद से हंसाली वाले बाबा जी, संत बाबा परमजीत सिंह जी के नेतृत्व में, हंसाली खेड़ा रन 2025 अभियान का हिस्सा है।

जैक फेंट की यह दौड़ केवल एक शारीरिक उपलब्धि नहीं है, बल्कि एक परिवर्तनकारी आंदोलन है, जो परिवर्तन की प्रेरणा, जागरूकता का संदेश और एक स्वस्थ, सशक्त और करुणामय भारत के निर्माण का आह्वान है।

पितृ पक्ष के अवसर पर श्रद्धेय माता-पिता की स्मृति में वृक्षारोपण अभियान चलाया

0

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़। पर्यावरण सोसायटी ऑफ इंडिया द्वारा पितृ पक्ष के अवसर पर स्वर्गीय प्रियजनों को श्रद्धांजलि देते हुए सुखना झील के पास स्थित स्मृति वन में एक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया जिसमें अनूप सोनी, वन संरक्षक, वन विभाग मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित हुए।

कार्यक्रम के दौरान छह पेड़ लगाए गए, जिनमें पीपल, नीम और आंवला जैसे ऐसे वृक्ष शामिल थे जो दीर्घायु और पर्यावरणीय लाभ के लिए जाने जाते हैं। सोसायटी के सचिव एनके झींगन ने बताया कि यह पहल कृतज्ञता, करुणा और पर्यावरण संरक्षण की भावना को दर्शाती है।

अपने माता-पिता की स्मृति में वृक्षारोपण करना न केवल उनके प्रति सम्मान का प्रतीक है, बल्कि पर्यावरण की रक्षा की दिशा में एक योगदान भी है। साथ में डॉ. रविंदर नाथ, अशोक बंसल, राकेश कुमार शर्मा, चांदनी शर्मा, इंजीनियर अनिल कुमार सांगही, सुनीता सांगही और ऋतु नागिया इस अवसर पर मौजूद रहे।

गाँव दरिया में पानी की भारी दिक्कत को लेकर किया जाने वाला रोष प्रदर्शन आश्वासन मिलने पर स्थगित किया

0

सिटीन्यूज़ नॉउ

चण्डीगढ़ । गाँव दरिया में पानी की भारी दिक्कत के चलते कल 17 सितम्बर को पूर्व सरपंच गुरप्रीत सिंह हैप्पी की अगुआई में रोष प्रदर्शन की तयारी की गई थी परन्तु आज स्थानीय पार्षद विमला दुबे, पूर्व डिप्टी मेयर अनिल दुबे, वाटर सप्लाई के एसडीओ विनोद ने गुरप्रीत सिंह हैप्पी एवं गढ़वाल सभा के प्रधान शंकर पंवार, दीपक उनियाल, राणा, एमपी सिंह, बलबीर सिंह ,पूर्व पंच रोशन लाल, जगमोहन सिंह, नवदीप, एडवोकेट सुखदेव के साथ मीटिंग करके पानी समस्या के बारे में विस्तार से चर्चा की।

दुबे ने आश्वासन दिया कि दो-तीन दिन में प्रॉब्लम हर हाल में हल कर दी जाएगी। एसडीओ ने मौके पर जाकर ट्यूबवेल भी चेक किया। गाँव वालों ने वाटर सप्लाई अधिकारियों की बात मानते हुए दो-तीन दिन के लिए प्रदर्शन निरस्त करने का ऐलान किया।

हिंदू पर्व महासभा द्वारा पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए एकत्र राहत सामग्री को डीसी ने झंडी दिखा कर रवाना किया

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़। हिंदू पर्व महासभा, चण्डीगढ़ द्वारा पंजाब के बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री, जिनमें मुख्य रूप से दवाइयां, कंबल, गद्दे, स्टील के ग्लास व प्लेटस, कोकोनट ऑयल, जूते व चप्पलें इत्यादि एकत्र किए गए। राहत सामग्री से लदे ट्रकों को चण्डीगढ़ रेड क्रॉस के माध्यम से आज डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव, आईएएस ने झंडा दिखाकर रवाना किया।

महासभा के अध्यक्ष बीपी अरोड़ा एवं महासचिव कमलेश चंद्र सूरी ने बताया कि पंजाब में भीषण बाढ़ के प्रकोप से पीड़ित लोगों की संवेदना को चंडीगढ़ के सभी मंदिरों एवं महासभा के पदाधिकारियों ने महसूस करते हुए राहत सामग्री जुटाई। इसमें सभी मंदिरों का विशेष सहयोग रहा जिनमें श्री राधा माधव मंदिर, सेक्टर 34, श्री सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर 15-बी एवं श्री राम मंदिर, सेक्टर 47 डी का योगदान प्रशंसनीय रहा।

इस अवसर पर महासभा से अध्यक्ष व महासचिव के साथ-साथ श्री लक्ष्मी नारायण सिंगला, अनुज कुमार सहगल, रतनलाल, देसराज बंसल, राजेंद्र गुप्ता मंडी वाले, श्रीमती चंद्र डेहरा, एससी गुप्ता, संजीव कुमार, श्याम सुंदर, अरुणेश अग्रवाल, केके गोस्वामी, केएल मदान एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रेल डिब्बा कारखाना (आर सी एफ) कपूरथला में विश्वकर्मा पूजा का आयोजन

0

सिटीन्यूज़ नॉउ

कपूरथला/पंजाब। रेल डिब्बा कारखाना , कपूरथला में आज विश्वकर्मा पूजा का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया गया । शिल्पकारों के इष्टदेव भगवान श्री विश्वकर्मा जी को समर्पित यह उत्सव भारतीय रेल में हर वर्ष 17 सितम्बर को मनाया जाता है ।

इस अवसर पर आर सी एफ वर्कशाप में स्थित शीट मेटल शॉप में पूजा के आयोजक श्री विश्वक्र्मा सेवक सभा (रजि.) द्वारा हवन और पूजा- अर्चना का आयोजन किया गया जिसमें आर सी एफ के महाप्रबंधक श्री एस एस मिश्र , श्रीमती मधुमिता मिश्र , अध्यक्ष आर सी एफ महिला कल्याण संगठन , प्रिंसिपल चीफ मकैनिकल इंजीनियर श्री रवि कुमार सहित समस्त अधिकारी और कर्मचारियों ने भाग लिया।

श्री एस एस मिश्र ने इस कार्यक्रम के प्रति सभी अधिकारियों,कर्मचारियों की श्रद्धा भाव और सम्पर्ण व सेवा की भरपूर प्रशंसा की और भगवान श्री विश्वकर्मा जी की दक्षता और प्रशस्त मार्ग पर चलने को प्रेरित किया। इस अवसर पर श्री एस एस मिश्र ने अपने सम्बोधन में कहा कि आर सी एफ कर्मचारियों ने अपनी मेहनत का प्रमाण देते हुए आर सी एफ को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया हैं । भगवान विश्वकर्मा के आशीर्वाद से इस फैक्ट्री ने देश को कई नए कोच वेरिएंट्स दिए हैं ।

आर सी एफ ने 47000 से अधिक कोच भारतीय रेल को समर्पित किये हैं जोकि एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है । आयोजन को सफल बनाने में विभिन्ना संस्थाओं, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा आर सी एफ , आर सी एफ स्काउट्स एण्ड गाइडस, सेंट जॉन एम्बुलैंस ब्रिगेड , आदर्श सेवा समिति ,आर सी एफ आदि ने पूजा के आयोजक श्री विश्वकर्मा सेवक सभा (रजि.) को भरपूर सहयोग दिया ।

पूजन कार्यक्रम के दौरान प्रसाद और चाय पान की व्यवस्था भी की गई तथा दोपहर में स्टाफ कैंटीन पर लंगर भी लगाया गया जिसमें हज़ारों की गिनती में लोगों ने पूरी श्रद्धा भाव से हिस्सा लिया ।