सिटीन्यूज़ नॉउ
मोहाली: इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) में एडवांस्ड मैनेजमेंट प्रोग्राम्स के 2026 बैच का प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर हेल्थकेयर, ऑपरेशंस एवं सप्लाई चेन, पब्लिक पॉलिसी और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े चार विशेष कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 186 वरिष्ठ अधिकारियों एवं पेशेवरों को सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में तेलंगाना सरकार के स्पेशल चीफ सेक्रेटरी जयेश रंजन, आईएएस और आईएसबी के डीन प्रो. मदन पिल्लुटला ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। इनमें हेल्थकेयर प्रोग्राम के 58, ऑपरेशंस एवं सप्लाई चेन के 50, पब्लिक पॉलिसी के 50 और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोग्राम के 28 प्रतिभागी शामिल रहे।
जयेश रंजन ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि बदलते दौर में नई तकनीकों को अपनाना, प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और संगठनों के बीच सहयोग बढ़ाना प्रभावी नेतृत्व के लिए आवश्यक है। उन्होंने अपनी विशेषज्ञता का उपयोग सामाजिक विकास के लिए करने का आह्वान किया।
प्रो. मदन पिल्लुटला ने कहा कि हेल्थकेयर, इंफ्रास्ट्रक्चर और सार्वजनिक नीतियों जैसे क्षेत्रों में कुशल नेतृत्व देश की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रतिभागियों से जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और दूरदर्शिता के साथ नेतृत्व करने का आग्रह किया। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और फैकल्टी सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

