सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सेवा, समर्पण और मानवता की भावना को समर्पित रक्तदान शिविर चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (सीपीडीएल) के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित सब डिवीजन कार्यालय-5 में आयोजित किया गया।
विश्वास फाउंडेशन, एचडीएफसी बैंक और इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी, यूटी चंडीगढ़ के सहयोग से आयोजित शिविर में 63 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। आयोजन के माध्यम से लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने के साथ जरूरतमंद मरीजों की सहायता का संदेश दिया गया।
शिविर में कुल 76 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया। हालांकि, स्वास्थ्य जांच के दौरान 13 लोग रक्तदान के लिए योग्य नहीं पाए गए। जीएमसीएच-32 के ब्लड बैंक की चिकित्सकीय टीम ने रक्त संग्रह की प्रक्रिया संपन्न करवाई और रक्तदाताओं को आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया।
विश्वास फाउंडेशन की ओर से रक्तदाताओं को उपहार एवं जलपान वितरित किया गया, जबकि इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की नोडल अधिकारी पूनम मलिक ने रक्तदाताओं को प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया। रक्तदान शिविर के साथ गुरुपर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावना को समर्पित विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
इनमें श्री सुखमनी साहिब का पाठ, रागी जत्थे द्वारा गुरबाणी कीर्तन, गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं पर विचार-विमर्श, गुरु का लंगर, स्वास्थ्य जांच शिविर और कला प्रदर्शनी शामिल रही। इन गतिविधियों के माध्यम से उपस्थित लोगों को गुरु साहिब की शिक्षाओं, सामाजिक सद्भाव, समानता और निःस्वार्थ सेवा के महत्व से अवगत करवाया गया।
सीपीडीएल के पुनीत साहनी ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता की सेवा, समानता, भाईचारे और निःस्वार्थ भाव से दूसरों की मदद करने का मार्ग दिखाती हैं।
गुरुपर्व के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करना इन शिक्षाओं को व्यवहार में अपनाने का सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सकीय टीम और आयोजन में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

