सिटीन्यूज़ नॉउ
लुधियाना। कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग, चंडीगढ़ के चेयरमैन आसिफ चौधरी ने अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी से लुधियाना में शिष्टाचार मुलाकात की। बैठक के दौरान कौम की बेहतरी, शिक्षा के प्रसार, युवाओं के भविष्य, सामाजिक सद्भाव और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने सहित कई समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद आसिफ चौधरी ने कहा कि समाज की प्रगति शिक्षा, संवाद और आपसी विश्वास से ही संभव है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और समुदायों के बीच प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।
आसिफ चौधरी ने जानकारी दी कि जल्द ही चंडीगढ़ में एक सर्वधर्म सद्भाव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पंजाब के शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी विशेष रूप से शामिल होंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक गुरु एक मंच पर उपस्थित होकर अमन, भाईचारे, सांप्रदायिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और युवाओं में आपसी सम्मान व सद्भाव की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

