सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित चंडीगढ़ दौरे से पहले कांग्रेस ने भाजपा पर दिखावटी सफाई अभियान चलाने का आरोप लगाया है। प्रदेश सचिव बिरेन्द्र रॉय और वार्ड-19 (रामदरबार) की ब्लॉक अध्यक्षा सोनिया गुरचरण सिंह ने संयुक्त बयान में कहा कि प्रधानमंत्री के आगमन से पहले भाजपा कार्यकर्ता केवल फोटो खिंचवाने के लिए सफाई अभियान चला रहे हैं, जबकि क्षेत्र में अब भी कई जगह गंदगी और कूड़े के ढेर लगे हुए हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि रामदरबार में नालियां जाम हैं और गंदगी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और चंडीगढ़ में लंबे समय से भाजपा की सरकार होने के बावजूद सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है।उन्होंने कहा कि वीआईपी दौरों के दौरान सीमित इलाकों में सफाई कर शहर की वास्तविक स्थिति छिपाने की कोशिश की जाती है।
कांग्रेस ने मांग की कि सफाई व्यवस्था केवल विशेष अवसरों पर नहीं, बल्कि नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए।नेताओं ने कहा कि रामदरबार चंडीगढ़ का प्रमुख प्रवेश द्वार है, इसलिए यहां स्थायी रूप से स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छ भारत’ अभियान का उद्देश्य केवल दिखावा नहीं, बल्कि लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना होना चाहिए। इस दौरान ओम पाल चौटाला, ईश्वर सिंह, रोहित चौटाला, सतीश बागड़ी, संतोष पांडे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

