सिटीन्यूज़ नॉउ
पंचकूला: बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और आयुर्वेदिक बाल स्वास्थ्य पद्धतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), पंचकूला की ओर से सितंबर में तीन निःशुल्क स्वर्णप्राशन शिविर आयोजित किए जाएंगे। 11वें आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में 5, 12 और 19 सितंबर को आयोजित होने वाले इन शिविरों में 6 माह से 16 वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क स्वर्णप्राशन की सुविधा दी जाएगी।
आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इन शिविरों का संचालन संस्थान के कौमारभृत्य विभाग की ओर से किया जाएगा। यह पहल संस्थान के कुलपति प्रो. डॉ. संजीव शर्मा और डीन प्रो. गुलाब चंद पमनानी के मार्गदर्शन में की जा रही है। शिविर का आयोजन आर्य वैद्यशाला कोट्टक्कल के सहयोग से होगा।
कौमारभृत्य विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अपर्णा दिलीप ने बताया कि राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के तहत सितंबर माह में प्रत्येक शनिवार को स्वर्णप्राशन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि डीन इंचार्ज प्रो. सतीश गंधर्व और डीएमएस डॉ. गौरव गर्ग के निर्देशानुसार बच्चों को यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
एनआईए के अनुसार, भविष्य में भी प्रत्येक माह स्वर्णप्राशन शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनकी तिथियों की जानकारी अभिभावकों को समय पर दी जाएगी।

