सिटीन्यूज़ नॉउ
बद्दी,: महाराजा अग्रसेन विश्वविद्यालय, बद्दी, हिमाचल प्रदेश के स्कूल ऑफ बेसिक एंड एप्लाइड साइंसेज के जैव प्रौद्योगिकी एवं सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग के बायोरवर्स क्लब द्वारा केंद्रीय अनुसंधान संस्थान (सीआरआई), कसौली का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया।
इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सूक्ष्मजीव विज्ञान अनुसंधान, टीका उत्पादन और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में संस्थान के योगदान से अवगत कराना था।भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने जल उपचार, एंटीसीरम निर्माण, रेबीज संबंधी अनुसंधान, कल्चर मीडिया तैयार करने, निर्जीवीकरण, सूक्ष्मजीव संवर्धन, जीवाणुओं की पहचान एवं सीरोटाइपिंग तथा गुणवत्ता नियंत्रण (क्यूसी) और गुणवत्ता आश्वासन (क्यूए) की प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रदीप सिंह वालिया ने व्यावहारिक एवं अनुभव-आधारित शिक्षा को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। प्रति-कुलपति प्रोफेसर प्रो. आर.के. गुप्ता, कुलाधिपति के नामित प्रतिनिधि सुरेश गुप्ता जी, कुलसचिव प्रो. पंकज नांगलिया और स्कूल निदेशक प्रो. संजय पंवार ने भी इस पहल की सराहना की।
भ्रमण का समन्वय प्रो. शिव कुमार गिरि, डॉ. अनीता सैनी, डॉ. रजनी शर्मा, डॉ. अनु नोसरण और डॉ. काजल चौहान ने किया। इस भ्रमण से विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान को प्रयोगशाला के व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का अवसर मिला।

