सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़। सेक्टर-23 स्थित श्री महावीर मुनि मंदिर (साधु आश्रम) में ब्रह्मलीन श्री सतगुरु देव श्री श्री 108 श्री मुनि गौरवानंद गिरि जी महाराज की 39वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं धार्मिक उल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे सैकड़ों साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने समारोह में भाग लेकर गुरु महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी, वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-यज्ञ से हुई। पूर्णाहुति के बाद महाआरती संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सांस्कृतिक सचिव एवं मुख्य पुजारी पं. दीप भारद्वाज ने सभी संत-महात्माओं का तिलक लगाकर स्वागत किया।
सभा के प्रधान दलीप चंद गुप्ता, उपप्रधान ओ.पी. पाहवा, सचिव नंदलाल शर्मा, ऑडिटर नरेश महाजन तथा अन्य पदाधिकारियों ने साधु-संतों को दक्षिणा, फल और वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।इस अवसर पर कथावाचक हरि जी महाराज ने भजन-कीर्तन एवं प्रवचनों के माध्यम से श्रीराम और हनुमान भक्ति का महत्व बताते हुए श्रद्धालुओं को निष्काम सेवा, श्रद्धा और समर्पण का संदेश दिया।
समारोह के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सभा के प्रधान दलीप चंद गुप्ता ने कहा कि मुनि गौरवानंद गिरि जी महाराज की पुण्यतिथि पर यह धार्मिक आयोजन हर वर्ष परंपरागत रूप से आयोजित किया जाता रहेगा।

