सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: चंडीगढ़ की शिक्षाविद्, लेखिका और कवयित्री डॉ. साज़ीना खान को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के सईद बिजनेस स्कूल में आयोजित वर्ल्ड स्कूल समिट 2026 में प्रतिष्ठित पैनलिस्ट के रूप में आमंत्रित किया गया। उन्होंने सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए “रेफ्रेमिंग एजुकेशन फॉर द ट्वेंटी फर्स्ट सेंचुरी” विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय शिक्षा विशेषज्ञों के साथ भविष्य की शिक्षा व्यवस्था पर अपने विचार साझा किए।
डॉ. खान ने कहा कि शिक्षा केवल रटने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि छात्रों में आलोचनात्मक सोच, रचनात्मकता, सहयोग, नैतिकता और आजीवन सीखने की क्षमता विकसित करनी चाहिए। उन्होंने पाठ्यक्रम में विभिन्न विषयों के बेहतर समन्वय और ऐसी परीक्षा प्रणाली की आवश्यकता पर जोर दिया, जो रचनात्मकता, संवाद कौशल, समस्या समाधान और व्यवहारिक समझ का मूल्यांकन करे।
एआई के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तकनीकी ज्ञान के साथ मानवीय मूल्य और संवेदनशीलता भी समान रूप से आवश्यक हैं। उन्होंने शिक्षकों के निरंतर प्रशिक्षण को भविष्य की शिक्षा का महत्वपूर्ण आधार बताया। ऑक्सफोर्ड में बोलने के अवसर को उन्होंने सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि वह समावेशी और वैश्विक स्तर पर उपयोगी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी।

