सिटीन्यूज़ नॉउ
पंचकुला: लगातार हो रही बारिश के बीच सड़क किनारे आजीविका कमाने वाले मोचियों की कठिनाइयों को कम करने के उद्देश्य से एक सराहनीय सामाजिक पहल की गई। इस अभियान का मकसद केवल आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज को यह संदेश देना भी रहा कि मेहनतकश लोगों की सुरक्षा और सम्मान सामूहिक जिम्मेदारी है।
इसी सोच के साथ लाइनेस स्टार क्लब की अध्यक्ष रेखा गर्ग के नेतृत्व में लता जिंदल, समलेश गोयल, ऊषा सिंगला तथा अन्य सदस्यों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर मोचियों को मजबूत छाते भेंट किए।
उन्होंने कहा कि मौसम चाहे धूप का हो या वर्षा का, श्रमिकों के साथ खड़ा होना ही सच्ची सामाजिक संवेदनशीलता है। यह पहल समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रेरक उदाहरण बनी।

