सिटीन्यूज़ नॉउ
मोहाली: सावित्री ग्रीन्स सोसाइटी, जीरकपुर के निवासियों ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धार्मिक श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक एवं पंजाब के पूर्व मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) एन.के. शर्मा ने शिरकत की और आयोजन की सराहना की।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन सोसाइटी के निवासियों में एकता, आपसी सद्भाव तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं को मजबूत करते हैं। भगवान श्री कृष्ण की शिक्षाएं हमें सत्य एवं धर्म के मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा से पालन करने तथा समाज में प्रेम एवं सद्भाव बढ़ाने की प्रेरणा देती हैं।
समारोह का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध गायकों जगजीत वडाली, कमल थापर और मुकेश अरोड़ा की भक्तिमय भजन संध्या रही। कलाकारों की प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण कृष्ण भक्ति में सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया।
सावित्री ग्रीन्स वेलफेयर एसोसिएशन (सगवा) के महासचिव जसज्योत सिंह अलमस्त और कोषाध्यक्ष एल.आर. कौशिक ने कहा कि ऐसे पर्व सामाजिक संबंधों को मजबूत करने के साथ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

