सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन, सेक्टर-20डी, चंडीगढ़ में गोवा के एचपीएसएम गणपत पारसेकर कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रतिनिधिमंडल ने शैक्षणिक आदान-प्रदान एवं विद्यार्थी अध्ययन भ्रमण के तहत दौरा किया। इस दौरान शिक्षक शिक्षा, नवाचारी शिक्षण पद्धतियों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप भावी शिक्षक प्रशिक्षण पर विचार साझा किए गए।प्रतिनिधिमंडल में बीए-बीएड (आईटीईपी) के 42 विद्यार्थी, सात संकाय सदस्य और तीन सहयोगी सदस्य सहित कुल 52 प्रतिभागी शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व डॉ. सचिन सी. गांवकर ने किया।महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सपना नंदा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, सुविधाओं और भावी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय आगामी सत्र से एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम (आईटीईपी) शुरू करने के लिए एनसीटीई की मान्यता प्राप्त करने की प्रक्रिया में है।
इस अवसर पर संवादात्मक सत्र में दोनों संस्थानों के शिक्षकों और छात्र-अध्यापकों ने शिक्षण पद्धतियों एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण पर अनुभव साझा किए। प्रतिनिधिमंडल ने पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, सभागार, कक्षाओं और छात्रावास सहित विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया।
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. ए.के. श्रीवास्तव, डॉ. लीलू राम, डॉ. वंदना अग्रवाल और डॉ. रविंदर पातिल्यान ने किया। यह दौरा संस्थागत सहयोग और शिक्षक शिक्षा में नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।

