सिटीन्यूज़ नॉउ
पंचकुला : दास एंड ब्राउन एक्सपीरिएंशियल लर्निंग स्कूल (डीबेल्स) में पहली बार चंडीगढ़ चिल्ड्रन्स लिटरेचर, आर्ट्स एंड फोटोग्राफी फेस्टिवल (क्लैप 1.0) का भव्य आयोजन किया गया। इसमें ट्राइसिटी के बच्चों, अभिभावकों और साहित्य प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दास फाउंडेशन, नोवेल बंच और सुपरकिड्स क्लब चंडीगढ़ चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस फेस्टिवल में साहित्य, कला, फोटोग्राफी और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों की गणेश वंदना और अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि स्पेशल डीजीपी (ट्रैफिक एवं रोड सेफ्टी) ए.एस. राय उपस्थित रहे। डीसीएम ग्रुप ऑफ स्कूल्स के सीईओ डॉ. अनिरुद्ध गुप्ता ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुभव आधारित शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियां बेहद जरूरी हैं। विशेष अतिथि विजय वर्धन ने भी विचार साझा किए।
फेस्टिवल में बाल साहित्यकार कैटी बागली, कहानीकार दीप्ति विवेकानंद, अनुभव सोम, जस के. शान, नीलेश कुलकर्णी, सुपर्णा सरस्वती पुरी और पूजा मारवाह सहित कई प्रतिष्ठित लेखकों एवं कलाकारों ने बच्चों से संवाद किया। युवा लेखिकाओं सहाना वालिया और मायरा चौधरी ने भी अपने लेखन अनुभव साझा किए।
कैरेक्टर वॉक, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, क्रिएटिव राइटिंग, डूडल मेकिंग, पॉटरी, फेस पेंटिंग, फोटोग्राफी प्रदर्शनी, पुस्तक मेले और ड्रम सर्कल ने विशेष आकर्षण पैदा किया। इस अवसर पर चंडीगढ़ यंग अचीवर्स अवॉर्ड्स और अर्ली एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड्स 2026 भी प्रदान किए गए। ट्राइसिटी एसोसिएशन ऑफ प्लेस्कूल्स ने प्रारंभिक शिक्षा में योगदान देने वाले प्लेस्कूल संचालकों को सम्मानित किया। समारोह का समापन विद्यार्थियों की शानदार नृत्य प्रस्तुति के साथ हुआ।

