सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: शैल्बी अस्पताल, मोहाली ने मिर्गी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों एवं सामाजिक कलंक को दूर करने के उद्देश्य से सप्ताहभर के जागरूकता अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत लोगों को मिर्गी के लक्षणों, दौरा पड़ने पर प्राथमिक सहायता, नियमित दवा सेवन और समय पर उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी जाएगी।
शैल्बी अस्पताल की सीनियर कंसल्टेंट-न्यूरोलॉजी डॉ. हरप्रीत कौर ने बताया कि मिर्गी के दौरे केवल शरीर में झटके या ऐंठन तक सीमित नहीं होते। इनमें अचानक बेहोशी, एकटक देखना, भ्रम की स्थिति और कुछ समय के लिए प्रतिक्रिया न देना जैसे लक्षण भी शामिल हो सकते हैं। ऐसे लक्षणों की पहचान कर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है।उन्होंने दौरा पड़ने की स्थिति में मरीज के आसपास से नुकीली वस्तुएं हटाने, सिर के नीचे मुलायम वस्तु रखने और सुरक्षित होने पर उसे करवट दिलाने की सलाह दी।
अस्पताल के सीनियर कंसल्टेंट-न्यूरोसर्जरी डॉ. राकेश रेड्डू ने कहा कि मिर्गी एक उपचार योग्य न्यूरोलॉजिकल बीमारी है। समय पर पहचान, नियमित दवाओं और उचित चिकित्सा देखभाल से अधिकांश मरीज सामान्य जीवन जी सकते हैं। उन्होंने डॉक्टर की सलाह के बिना दवाएं बंद न करने और अप्रमाणित घरेलू उपचारों से बचने पर भी जोर दिया।

