सिटीन्यूज़ नॉउ
नई दिल्ली: राज्यसभा सांसद एवं ट्राइडेंट ग्रुप के संस्थापक चेयरमैन राजिंदर गुप्ता ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नई दिल्ली में मुलाकात की। बैठक में पंजाब के विकास, औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन और 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर चर्चा हुई।
भाजपा की पंजाब चुनाव घोषणा पत्र समिति के सदस्य राजिंदर गुप्ता ने राज्य में आर्थिक विकास को गति देने, निवेश आकर्षित करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने संबंधी सुझाव रखे।
उन्होंने पंजाब के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए भाजपा के ‘मिशन पंजाब’ में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।यह मुलाकात पंजाब में भाजपा की चुनावी गतिविधियां तेज होने के बीच हुई है।
पार्टी ने 23 नवंबर को सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी तैयारियों के समन्वय के लिए 16 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति गठित की है। साथ ही चुनावी घोषणा पत्र ‘संकल्प पत्र’ के लिए विभिन्न वर्गों से सुझाव जुटाने की मुहिम शुरू की गई है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना की अध्यक्षता वाली घोषणा पत्र समिति में गुप्ता शामिल हैं, जबकि सुनील जाखड़ के नेतृत्व में आरोप पत्र समिति बनाई गई है।
मालवा क्षेत्र, विशेषकर बरनाला-बठिंडा से गुप्ता का जुड़ाव भी राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। उन्होंने 1985 में अभिषेक इंडस्ट्रीज की स्थापना की थी, जो आगे चलकर ट्राइडेंट ग्रुप बना। समूह कपड़ा, कागज, रसायन और ऊर्जा क्षेत्रों में कार्यरत है।

