सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: चंडीगढ़ बिजनेस काउंसिल (सीबीसी) और लायंस क्लब चंडीगढ़ ग्रेटर की ओर से सेक्टर-30 स्थित लायंस वीटीसी में संयुक्त रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 72 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। इसमें विभिन्न वर्गों के लोगों, व्यवसायियों और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए योगदान दिया।
मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना से आयोजित शिविर का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रक्त की जरूरत से जूझ रहे मरीजों को समय पर सहायता उपलब्ध करवाना था। पीजीआई ब्लड बैंक की चिकित्सकीय टीम ने रक्त संग्रह की प्रक्रिया संपन्न करवाई और रक्तदाताओं को आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी सहायता प्रदान की।
सीबीसी अध्यक्ष एवं लायंस क्लब चंडीगढ़ ग्रेटर के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय योगदान है, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और इस नेक कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
महासचिव संजय पाहवा ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सहयोग, संवेदनशीलता और सेवा भावना को मजबूत करते हैं। लॉयन सोनिया अरोड़ा ने विशेष रूप से युवाओं से रक्तदान के प्रति जागरूक होने और इसे सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का आह्वान किया।
शिविर में रक्तदाताओं को प्रशस्ति प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। उनके लिए पौष्टिक जलपान की व्यवस्था अर्पण एनजीओ की ओर से की गई। आयोजन में शामिल सभी लोगों ने रक्तदान जैसे पुण्य कार्य को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

