सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज फॉर विमेन, चंडीगढ़ की नो नशा नेशन टास्क फोर्स द्वारा आर्य युवा समाज के तत्वावधान में ‘स्वर से संकल्प’ विषय पर ऑनलाइन अंतर-महाविद्यालय जिंगल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना था।
प्रतियोगिता में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने अपनी मौलिक संगीत रचनाओं के माध्यम से नशे के खिलाफ प्रभावशाली संदेश दिए। प्रतिभागियों ने गीतों, संगीत और रचनात्मक प्रस्तुतियों के जरिए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में रचनात्मकता, मौलिकता और संदेश की प्रभावशीलता को निर्णायक आधार बनाया गया।परिणामों में पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के जतिन ने प्रथम, एमसीएम कॉलेज की संस्कृति ने द्वितीय तथा पंजाब विश्वविद्यालय के अनमोल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विजेताओं को ट्रॉफी, नकद पुरस्कार और ई-प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यवाहक प्राचार्या नीना शर्मा ने कहा कि कला और रचनात्मकता सामाजिक बदलाव का सशक्त माध्यम हैं। ऐसी गतिविधियां युवाओं को जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं।

