Home Blog Page 123

फॉर्म हाउस में घुसकर मजदूरों पर हमला- अमन सरीन ने डीआईजी पंजाब को दी शिकायत

सिटीन्यूज़ नॉउ

चण्डीगढ़ : आईटी व्यवसायी अमन सरीन ने आज डीआईजी, पंजाब को शिकायत सौंपने के बाद चण्डीगढ़ प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पत्रकारों समक्ष गंभीर आरोप लगाए। शिकायत में उन्होंने बताया कि 25 मई की रात लगभग 9:15 बजे, उनके फतेहगढ़ साहिब जिले के गांव महिदूदा स्थित फॉर्म हाउस में 7-8 अज्ञात हमलावरों ने हथियारों से लैस होकर हमला किया।

घटना की जानकारी मिलते ही अमन सरीन मौके पर पहुंचे और देखा कि मजदूर मनीष कुमार, हुक्म सिंह, संत कुमार, गोरखी और सबल सिंह को गंभीर चोटें आई थीं और कमरे के अंदर खून फैला हुआ था। सभी घायलों को तुरंत चंडीगढ़ के सेक्टर-16 जनरल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अगले दिन जानकारी मिली कि पास के मोटर कोठा में रह रहे मजदूर रविंदर कुमार पर भी हमला किया गया है, जिसे भी अस्पताल दाखिल करना पड़ा।

शिकायतकर्ता के अनुसार, हमला करने वालों में दो व्यक्ति निहंग वेश में थे, जिनमें से एक का दायां हाथ कटा हुआ था। शक के आधार पर अमन सरीन ने इस घटना के लिए रणधीर सिंह उर्फ धीरा निहंग (पुत्र दिलबाग सिंह, निवासी महिदूदा) को मुख्य आरोपी बताया है, जिसने 7-8 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर यह हमला करवाया।

इतना ही नहीं, 4 जून को फॉर्म हाउस के माली सुनील कुमार को भी रणधीर सिंह ने धमकी दी कि अब तेरी बारी है, नौकरी छोड़कर चला जा। अमन सरीन ने डीआईजी पंजाब से मांग की है कि हमलावरों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

सनातन धर्म के पदचिन्हों पर चलते हुए सर्व समाज समरसता बनाए रखें

सिटीन्यूज़ नॉउ

चण्डीगढ़ : श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा के महामण्डलेश्वर 108 श्री स्वामी श्याम चैतन्य पुरी जी महाराज का सैक्टर 45 में आगमन हुआ। स्वामी जी ने यहां प्रवचन करते हुए लोगों को सनातन धर्म के पदचिन्हो पर चलने का संदेश दिया और सर्व समाज समरसता बनाए रखने का अहवान किया।

इस अवसर पर भारतीय संस्कृतिक ज्ञान के संस्थापक व सामाजसेवी अनूप सरीन ने भी महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। यह आयोजन विज परिवार द्वारा किया गया।

पीजीजीसी-42 में विश्व बाल श्रम विरोधी दिवस मनाया

सिटीन्यूज़ नॉउ

चण्डीगढ़ : पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स, सेक्टर 42 की एनएसएस इकाई ने गूगल मीट से एक आभासी बैठक के माध्यम से समाज में किसी भी प्रकार के काम में बाल श्रम यानि बच्चों का शोषण ना करने के एक मजबूत संदेश के साथ विश्व बाल श्रम विरोधी दिवस मनाया।

इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या, प्रोफेसर डॉ बीनू डोगरा ने बाल श्रम के खिलाफ आवाज उठाने के महत्व पर प्रकाश डाला। वर्ष 2025 के विश्व बाल श्रम विरोध दिवस का विषय है-प्रगति स्पष्ट है, लेकिन अभी और काम करना है, आइए प्रयासों में तेजी लाएं। कार्यक्रम की शुरुआत एक शपथ समारोह से हुई, जिसमें शिक्षकों, कार्यालय कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से बाल श्रम के खिलाफ शपथ ली।

कार्यक्रम को और समृद्ध बनाते हुए वाणिज्य विभाग की डॉ तजिंदर कौर (एनएसएस प्रभारी) ने छात्रों को संबोधित किया और समाज में बाल श्रम को ध्यान से देखने और इसे रोकने के लिए पहल करने तथा संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना देने के महत्व पर एक प्रेरक संदेश दिया।

कार्यक्रम में सभी कार्यक्रम अधिकारी, संकाय सदस्य, कार्यालय कर्मचारी और समर्पित स्वयंसेवक शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव और बाल श्रम को कहें ना – शिक्षा, स्वतंत्रता और सच्चे बचपन को कहें हाँ, के नारे के साथ हुआ

कसौली क्लब में भव्य ध्वजारोहण समारोह के साथ कसौली सप्ताह 2025 की शुरुआत

सिटीन्यूज़ नॉउ

कसौली -: कसौली क्लब के प्राकृतिक आकर्षण और भव्यता के बीच पारंपरिक ध्वजारोहण समारोह और सेना के बैंड प्रदर्शन के साथ बहुप्रतीक्षित कसौली सप्ताह 2025 की शुरुआत हो गई है। विरासत और सौहार्द का प्रतीक, यह क्लब पहाड़ियों के बीच बसा एक सदी से भी ज़्यादा पुरानी विरासत का गौरवशाली प्रमाण है। कसौली, एक अनोखा हिल स्टेशन चंडीगढ़ से सिर्फ़ डेढ़ घंटे की दूरी पर है।

सप्ताह भर चलने वाला यह उत्सव एक जीवंत परंपरा की शुरुआत का प्रतीक है, जो समुदाय और उत्सव की भावना में सदस्यों और मेहमानों को एक साथ लाता है। अपने समृद्ध इतिहास और मज़बूत सांस्कृतिक लोकाचार के साथ, कसौली क्लब शालीन जीवन और साझा यादों के प्रतीक के रूप में काम करना जारी रखे हुए है ।यह औपचारिक शुरुआत आने वाले सप्ताह के लिए एक यादगार माहौल तैयार करती है।

टीबी से ग्रस्त मरीज़ो के लिए विश्वास फाउंडेशन ने डोनेट की प्रोटीन युक्त पोषक डाइट

सिटीन्यूज़ नॉउ

पंचकूला। सीएमओ मुक्ता कुमार की अध्यक्षता में विश्वास फाउंडेशन द्वारा गुरुदेव श्री विश्वास जी के आशीर्वाद से 50 टीबी से ग्रस्त मरीज के लिए प्रोटीन युक्त पोषण डाइट दी गई। डिटीओ संदीप छाबड़ा द्वारा सभी सदस्यों का आभार जताते हुए टीबी मुक्त अभियान के लिए एक सराहनीय कदम बताया।

विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि यह पोषण डाइट के 10 पैकेट पीएससी ओल्ड पंचकूला, गाँव नाड़ा की डिस्पेंसरी में 3 पैकेट, यूडी 19 में 20 पैकेट, गवर्नमेंट डिस्पेंसरी 12 ए में 7 पैकेट व 10 पोषण किट पॉलीक्लिनिक 26 में मरीजों के लिए दी गई। इस अवसर पर विश्वास फाउंडेशन से ऋषि मोहित विश्वास, रणधीर सिंह, सतीश गुप्ता व टीबी विभाग से सतीश वत्स मौजूद रहे।

उन्होंने बताया कि इस पैक्ड किट में मरीजों के लिए 1 किलो सोया दाल, 1 किलो सोया आटा, 500 ग्राम सोयाबीन बड़ी, 500 ग्राम भूना चना, 500 ग्राम गुड़ व 1 डिब्बा प्रोटीन पाउडर होता है।

संस्था द्वारा जून 2022 से मरीजों को डाइट देनी शुरू की गई थी और यह प्रक्रिया आगे भी इसी तरह जारी रहेगी। संस्था ने टीबी के मरीजों को अतिरिक्त पोषण, सोशल, मोरल सपोर्ट व टीबी मुक्त भारत के लिए कम्युनिटी सपोर्ट देने का काम किया है।

मलोया पुलिस द्वारा झगडे व मारपीट के मामले में पीड़ित महिला व आरोपी पक्ष को शाम के समय थाने बुलाने पर विवाद

सिटीन्यूज़ नॉउ

चण्डीगढ़ : स्मॉल फ्लैट्स, मलोया में गत रोज सरोज यादव, पत्नी प्रेम यादव तथा एक अन्य महिला भारती यादव के साथ कथित तौर पर रामा यादव एवं गुरुदेव यादव की पत्नी तथा अन्य व्यक्तियों ने पुलिस स्टेशन, मलोया के बाहर सार्वजनिक स्थल पर एवं पुलिसकर्मियों की उपस्थिति में बिना किसी कारण के झगड़ा, गालीगलौच व मारपीट की जिसमें पीड़ित महिलाओं को काफी चोटें पहुंची।

इस पर पीड़ित पक्ष ने अन्य महिलाओं के साथ पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण सरकारी अस्पताल, सेक्टर 16 में करवाया। आज सरोज यादव को संबंधित पुलिस स्टेशन में शाम 5 बजे 5-10 लोगों के साथ बुलाया गया।

शिकायतकर्ताओं को पता चला कि थाना पुलिस ने आरोपी पक्ष को भी उसी समय मामले के निपटारे हेतु बुलाया हुआ है। इस पर पीड़ित पक्ष ने चण्डीगढ़ पुलिस के डीजीपी, एसएसपी व डीएसपी (साउथ) के साथ साथ मलोया पुलिस थाना प्रभारी को रजिस्टर्ड पत्र प्रेषित करके पूरे मामले की जानकारी देते हुए लिखा है कि स्थानीय पुलिस द्वारा पीड़ित की शिकायत दर्ज करके मेडिकल परीक्षण भी हो चुका है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि शाम के समय, जो कानूनी रूप से अनुमति योग्य नहीं है, महिला आवेदक एवं अन्य महिलाओं को पुलिस स्टेशन बुलाने का एकमात्र उद्देश्य उन्हें प्रताड़ित करना तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 170 का दुरुपयोग करके उन्हें हिरासत में लेना है।

पीड़ित महिला ने पुलिस अधिकारियों से बीएनएस, 2023 की धारा 35 एवं 179 के तहत लिखित समन के माध्यम से बुलाने का निर्देश देने का अनुरोध करते हुए मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करें कि वे आवेदक एवं उनके परिजनों को किसी भी जाँच हेतु लिखित समन के माध्यम से ही पुलिस स्टेशन बुलाएँ तथा विपक्षी पक्ष को अलग-अलग तिथियों एवं समय पर बुलाएँ ताकि किसी भी टकराव की स्थिति से बचा जाए।

उधर वरिष्ठ एडवोकेट सतिंदर सिंह ने भी पीड़ित पक्ष की शिकायत को जायज ठहराते हुए बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 179 पुलिस को समन जारी करने का अधिकार देती है, साथ ही यह सुनिश्चित करती है कि कोई भी व्यक्ति काल्पनिक शिकायत का लाभ न उठाए तथा बिना लिखित समन के पुलिस स्टेशन न बुलाया जाए। यह भी प्रावधान है कि किसी महिला का पुलिस स्टेशन पर पूछताछ न हो, बल्कि उसके निवास स्थान पर ही की जाए।

मार्केट कमेटी, राम दरबार ने जय श्री राम दल के साथ कबीर जयंती पर लगाई छबील

सिटीन्यूज़ नॉउ

चण्डीगढ़ : मार्केट कमेटी, रामदरबार फेस 2 ने जय श्री राम दल के साथ कबीर जयंती पर छबील लगाई जिसमें मीठा पानी,.छोले व ब्रेड आदि वितरित किए गए। 46 डिग्री तापमान की भीषण गर्मी में आम जनता ने भी बढ़-चढ़ कर छबील में अपनी प्यास बुझाई।

इस अवसर पर मार्केट एसोसिएशन के प्रधान देवी सिंह व पूर्व मेयर रविकांत शर्मा, विकास बंसल, सुदेश, हरमन, अक्षय बिरला, पुनीत व कार्यकर्ता कुंदर भैरव, चंदन, राजेंद्र सूद, तरुण गोयल, सुरजीत खेड़ा, अशोक भोमिया, मुकेश मेहरा, संजय कंवल आदि ने छबील व लंगर की सेवा की।

सिन्दूर के लिए धन्यवाद प्रस्ताव ज्ञापित किया

सिटीन्यूज़ नॉउ

चण्डीगढ़ : संस्कार एवं संस्कृति संवर्धन मातृशक्ति संगठन, चण्डीगढ़ की पदाधिकारियों ने ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत भारतीय सेना के अद्वितीय साहस, त्याग एवं राष्ट्र सेवा को नमन करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव ज्ञापित किया व राष्ट्र गौरव से ओत प्रोत इस अभियान के अंतर्गत भारतीय सेना को अभिनंदन किया।

संस्था से जुडी प्रतिभा कौशिक, मीनाक्षी ठाकुर, सुमन मठपाल, पुनीत शर्मा, ऊषा, सौम्या व सुरेखा ने चण्डीगढ़ के डीसी के नाम इस ज्ञापन को सौंपते हुए प्रधान मंत्री, केंद्रीय गृह एवं रक्षा मंत्री तक प्रेषित करने का आग्रह किया।

जिलाधीश की ओर से ये ज्ञापन डीसी कार्यालय में सब डिविजनल मैजिस्ट्रेट नवीन ने स्वीकार किया। ज्ञापन में कहा गया है कि यह अभियान हमारे सैनिकों की वीरता, मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण, अद्वितीय साहस, शौर्य एवं बलिदान को सम्मानित करने का एक प्रयास है।

ऑपरेशन सिंदूर ने सम्पूर्ण राष्ट्र में एक नई ऊर्जा, राष्ट्रीय चेतना और गौरव की भावना का संचार किया है तथा हमारे वीर जवानों का त्याग एवं पराक्रम न केवल देश की सीमाओं की रक्षा करता है, अपितु प्रत्येक नागरिक के हृदय में सम्मान और प्रेरणा का भाव जगाता है।संस्था ने यह संकल्प भी व्यक्त किया कि वे अनुशासन का पालन करते हुए राष्ट्र सेवा के किसी भी दायित्व के लिए आवश्यक योगदान देने को पूर्णतः तत्पर हैं।

नयागांव ,कांसल व नाडा में बिजली के अघोषित कट और कम वोल्टेज से लोग हो रहे परेशान

सिटीन्यूज़ नॉउ

न्यू- चंडीगढ़ : जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है वैसे ही लोगों की परेशानी भी बढ़ती जा रही है। ऊपर से बिजली विभाग नयागांव इलाके में बिजली के अघोषित कट लगाए जा रहा हैं। इस वजह से इलेक्ट्रॉनिक सामान खराब हो रहे हैं। लोग अपनी समस्या को लेकर बिजली विभाग के एसडीओ, जेई और एरिया के लाइनमैन को फोन करते हैं तो कोई फोन तक नहीं उठाता है।

नयागांव के कांसल,नाडा, दशमेश नगर,आदर्श नगर, कुमाऊं कॉलोनी, जनता कॉलोनी, गोविंद नगर, काहलों फॉर्म विकास नगर , सिंघा देवी जैसे बहुत से क्षेत्रों में बिजली के अघोषित कटों और कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।

सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने पीजीआई स्थित श्री गुरु रविदास भवन में की संगत से मुलाकात

सिटीन्यूज़ नॉउ

चण्डीगढ़ : बुधवार को नगीना लोकसभा सीट से सांसद और संसदीय एससी/एसटी कमेटी के सदस्य चंद्रशेखर आज़ाद रावण ने सेक्टर-12 पीजीआई कैंपस स्थित श्री गुरु रविदास भवन में पहुंचकर संगत के साथ मुलाकात की और गुरु रविदास जी के चरणों में नमन कर आध्यात्मिक कार्यक्रम में भाग लिया।

चंद्रशेखर आज़ाद रावण भीम आर्मी के प्रमुख और सह-संस्थापक और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा ज्योतिबा फुले और अन्य सामाजिक क्रांतिकारियों के विचारों को आत्मसात करने और उनके दिखाए रास्ते पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समानता, शिक्षा और संघर्ष ही हमारे समाज को आत्मनिर्भर और न्यायोचित बना सकते हैं। हमें मिलकर समाज में बराबरी और भाईचारे का वातावरण बनाना है।

इस मौके पर संगठन और समुदाय के प्रमुख पदाधिकारी श्री गुरु रविदास सभा सेक्टर-12 के सभी प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें एडवोकेट सीएल पवार (चीफ़ लीगल एडवाइजर), ऋषिपाल (प्रधान), रामचंद्र (महासचिव), अमन वालिया (संयुक्त सचिव), सरदार निर्मल सिंह, तरसेम लाल (केयरटेकर) एवं मंथन जोरिया उर्फ रॉकी आदि के साथ साथ पीजीआई के डॉक्टर, टेक्निकल स्टाफ, सिक्योरिटी डिपार्टमेंट और विभिन्न अंबेडकरवादी संगठनों के पदाधिकारीगण भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

सांसद चंद्रशेखर ने उपस्थित लोगों को आह्वान किया कि वे समाज में व्याप्त भेदभाव को खत्म करने के लिए एकजुट होकर कार्य करें और आने वाली पीढ़ियों को शिक्षित एवं जागरूक बनाएं। उन्होंने युवा वर्ग से कहा कि वे सामाजिक अन्याय के विरुद्ध संवैधानिक तरीके से संघर्ष करें और आत्मगौरव के साथ जीवन जिएं।इस अवसर को संगत ने सामाजिक चेतना और समरसता का सशक्त क्षण बताया, और उम्मीद जताई कि सांसद चंद्रशेखर आज़ाद के विचार प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।