सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण और अवैध रुकावटों के खिलाफ चंडीगढ़ नगर निगम (एमसीसी) ने शनिवार को शहर के विभिन्न सेक्टरों में व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के 106 चालान काटे गए।
अभियान के तहत सेक्टर-45 में कब्रिस्तान के पास स्कूल की बाउंड्री वॉल से सटा क्षेत्र खाली कराया गया। यहां अवैध रूप से पड़े पुराने टायर, कार के दरवाजे, सीटें, जैक और पुराने इंजन सहित अन्य सामान को हटाया गया। इससे क्षेत्र में सफाई के साथ सार्वजनिक आवाजाही भी सुचारु हुई। इसके अलावा सेक्टर-15 की पटेल मार्केट और आसपास के शोरूम क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पैदल मार्गों से अतिक्रमण हटाया गया।
वहीं सेक्टर-19, 22, 23, 26, 34 और 35 में भी सार्वजनिक रास्तों एवं स्थानों पर मौजूद अनधिकृत रुकावटों को हटाया गया।नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर में सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

