सिटीन्यूज़ नॉउ
मोहाली: लास वेगास, सिंगापुर, कोस्टा रिका और मलेशिया में सफल आयोजन के बाद अब पहली बार ट्राइसिटी में ‘क्लोन द फाउंडर’ कार्यशाला आयोजित की जाएगी। 15 और 16 अगस्त को जे डब्ल्यू मैरियट में होने वाली कार्यशाला के लोगो अनावरण के दौरान उद्यमी एवं मार्गदर्शक निपुण स्याल ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य उद्यमियों को ऐसी व्यवसायिक प्रक्रियाएं और नेतृत्व प्रणाली विकसित करने में मदद करना है, जिससे कारोबार केवल संस्थापक पर निर्भर न रहे और उनकी अनुपस्थिति में भी प्रभावी ढंग से चलता रहे।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से संस्थापक के ज्ञान, अनुभव, निर्णय लेने की प्रक्रिया और कार्यशैली को व्यवसाय की कार्यप्रणाली में शामिल करने के तरीके सिखाए जाएंगे।
निपुण स्याल ने कहा कि इसका उद्देश्य संस्थापक का स्थान लेना नहीं, बल्कि उनकी विशेषज्ञता को एक व्यवस्थित प्रणाली का हिस्सा बनाना है।उन्होंने कहा कि एआई के व्यावहारिक इस्तेमाल से टीम को मजबूत करने, कार्यप्रणाली बेहतर बनाने और कारोबार को अधिक सक्षम एवं विस्तार योग्य बनाने में मदद मिल सकती है।

