सिटीन्यूज़ नॉउ
लौंगोवाल (संगरूर): बीबी भानी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, लौंगोवाल के छात्र एवं अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी जसविंदर सिंह को ऑस्ट्रेलिया में आयोजित होने वाली मेलबर्न ओपन-1 ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए ढींढसा कार्स, मोहाली की ओर से 3 लाख रुपये की प्रायोजन राशि प्रदान की गई है।
ढींढसा कार्स के मालिक मनदीप सिंह ढींढसा ने यह सहयोग खिलाड़ी की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी, यात्रा, आवास, प्रशिक्षण और अन्य आवश्यक खर्चों को ध्यान में रखते हुए उपलब्ध कराया है। मेलबर्न, विक्टोरिया (ऑस्ट्रेलिया) में 30 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के शीर्ष खिलाड़ी भाग लेंगे, जिसमें भारत की ओर से जसविंदर सिंह चुनौती पेश करेंगे।
जसविंदर सिंह इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से पंजाब व देश का नाम रोशन किया है।इस अवसर पर मनदीप सिंह ढींढसा ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देना समाज और देश के भविष्य में निवेश है। उन्होंने विश्वास जताया कि जसविंदर सिंह प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर भारत का तिरंगा बुलंद करेंगे।
कॉलेज प्रबंधन ने ढींढसा कार्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का सहयोग युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाता है और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। वहीं, जसविंदर सिंह ने प्रायोजन के लिए धन्यवाद देते हुए देश के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का संकल्प व्यक्त किया।

