सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि कारोबार छोड़ें, अन्यथा कानून के तहत सख्त कार्रवाई के लिए तैयार रहें। वहीं, मेयर सौरभ जोशी ने नशे की कमाई से खड़ी की गई अवैध संपत्तियों के खिलाफ कानून के दायरे में बुलडोजर कार्रवाई की मांग की।
नगर निगम चंडीगढ़ द्वारा आयोजित ‘नशा मुक्त चंडीगढ़’ जागरूकता कार्यक्रम में प्रशासक ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से समुदाय आधारित अभियान तथा चंडीगढ़ व्यापार मंडल के तीन माह के जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय पोषण माह 2026 की भी शुरुआत हुई।
कटारिया ने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने परिवारों, स्कूलों, शिक्षकों, आरडब्ल्यूए, बाजार संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से मिलकर नशे के खिलाफ जन-आंदोलन चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ नशे की लत से जूझ रहे लोगों को काउंसलिंग, उपचार और पुनर्वास की सुविधा भी मिलनी चाहिए।
मेयर जोशी ने युवाओं को ‘Young Warriors Against Drugs’ बनने का आह्वान करते हुए कहा कि हर परिवार, बाजार और मोहल्ले को इस अभियान से जोड़ना जरूरी है। व्यापार मंडल ने भी शहर के बाजारों में तीन माह तक जागरूकता अभियान चलाने की घोषणा की।

