सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: मिनर्वा डीएफसी के सह-मालिक बीएस मेहरा (बहादुर सिंह मेहरा) को दिल्ली सॉकर एसोसिएशन (डीएसए) के हुए चुनाव में निर्विरोध अध्यक्ष (प्रेसिडेंट) चुन लिया गया है। लोधी एस्टेट स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में एसोसिएशन की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के दौरान नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।अध्यक्ष पद के लिए अनुज गुप्ता द्वारा नाम वापस लिए जाने के बाद मेहरा एकमात्र उम्मीदवार बचे थे, जिसके चलते उन्हें निर्विरोध विजयी घोषित किया गया।
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) द्वारा नियुक्त निर्वाचन अधिकारी एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. वी.के. जैन की देखरेख में चुनावी प्रक्रिया पूरी कराई गई।उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष और सदस्यों के पदों पर कड़ा मुकाबला…अध्यक्ष और महिला आरक्षित पदों को छोड़कर बाकी सभी पदों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला:उपाध्यक्ष (वाइस प्रेसिडेंट): तीन पदों के लिए हुए मतदान में भगवान सिंह नेगी (29 वोट), राजीव कुमार गुप्ता (23 वोट) और रिजवान उल हक (22 वोट) जीतकर उपाध्यक्ष बने। वहीं, महिला आरक्षित सीट पर राजकुमारी निर्विरोध चुनी गईं।
कोषाध्यक्ष (ट्रेजरर): कोषाध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला, जिसमें रॉयल एफसी के रमेश चंद नौटियाल ने 16 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। आनंद डबास को 14 और अरिंदम पॉल को 12 वोट मिले।कार्यकारी सदस्य (एक्जीक्यूटिव मेंबर्स): चार सामान्य पदों पर मोहम्मद नईम (34 वोट), नरेश कुमार (30 वोट), मोहम्मद साजिद (28 वोट) और राजेश झझरिया (27 वोट) चुनाव जीते। महिला आरक्षित सीट पर पंजाब हीरोज की गुड्डी निर्विरोध निर्वाचित हुईं।
ग्रासरूट फुटबॉल को मजबूत करने का संकल्प…निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद नए अध्यक्ष बी.एस. मेहरा ने सभी संबद्ध क्लबों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता राजधानी में ग्रासरूट स्तर पर फुटबॉल को सशक्त करना, लीग प्रतियोगिताओं और युवा विकास पर ध्यान देना तथा खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही आने वाले वर्षों में डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल एसोसिएशन को भी मजबूती प्रदान की जाएगी। नवगठित कार्यकारिणी ने तत्काल प्रभाव से पदभार संभाल लिया है।

