HomeNewsबाजार की बदहाली बनी चुनावी नाराजगी की वजह

बाजार की बदहाली बनी चुनावी नाराजगी की वजह

15 साल से टॉयलेट का इंतजार, अब पार्षद के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे 26 साल से मार्केट प्रधान सतीश कुमार

सेक्टर-40डी मार्केट की अनदेखी का आरोप, भाजपा पार्षद गुरबख्श रावत को दी चुनौती; बोले- जरूरत पड़ी तो अपनी जेब से बनवाऊंगा सार्वजनिक शौचालय

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़: शहर के बाजारों में कारोबार की रफ्तार केवल ग्राहकों और दुकानों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाएं भी व्यापारिक माहौल तय करती हैं। विडंबना यह है कि वर्षों से संचालित बाजारों में आज भी शौचालय, पार्किंग, सफाई और बैठने जैसी सामान्य सुविधाओं के लिए व्यापारियों को संघर्ष करना पड़ रहा है। ऐसे में स्थानीय समस्याएं अब नगर निगम चुनाव से पहले राजनीतिक असंतोष का रूप लेने लगी हैं।

सिटीन्यूज नाउ से बातचीत करते हुए सेक्टर-40डी मार्केट के प्रधान सतीश कुमार ने बताया कि वह पिछले 26 वर्षों से बाजार की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, लेकिन सार्वजनिक शौचालय की मांग करीब 15 वर्षों से लंबित है। उन्होंने भाजपा पार्षद गुरबख्श रावत पर बाजार की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए आगामी नगर निगम चुनाव में उनके खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतरने का ऐलान किया।

सतीश कुमार ने कहा कि दुकानदारों और ग्राहकों के लिए शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा तक उपलब्ध नहीं है। इस संबंध में कई बार पार्षद और उनके पति वरिंदर रावत से संपर्क किया गया, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिले। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि शौचालय निर्माण के लिए जारी फंड का दुरुपयोग हुआ है, तो इसकी जांच होनी चाहिए। जरूरत पड़ी तो वह अपनी जेब से पैसे खर्च कर शौचालय बनवाने को तैयार हैं।उन्होंने बाजार में बेंच, हरियाली, सफाई और पार्किंग व्यवस्था की बदहाली पर भी नाराजगी जताई।

उनका कहना है कि त्योहारों के दौरान दुकानदारों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। पिछले तीन-चार वर्षों से पार्षद से मुलाकात नहीं होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर सवाल उठाए।

सतीश कुमार ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता बाजार की बुनियादी समस्याओं का समाधान है। उनका कहना है कि अब व्यापारियों को चुनावी वादे नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाला विकास चाहिए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments