सिटीन्यूज़ नॉउ
न्यू चंडीगढ़ (खरड़): नयागांव में शुक्रवार सुबह बारिश के दौरान सड़क पर जमा पानी में करंट उतरने से 48 वर्षीय मेवा लाल की मौत हो गई। मेवा लाल चंडीगढ़ क्षेत्र की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और रोज की तरह सुबह करीब पांच बजे ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। कुछ देर बाद परिवार को उनकी मौत की सूचना मिली।
बताया जा रहा है कि बिजली के पोल या तारों से करंट पानी में उतर गया, जिसकी चपेट में मेवा लाल आ गए। वह काफी देर तक पानी में पड़े रहे। सुबह करीब छह बजे लोगों को घटना का पता चला। पार्षद की सूचना पर पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की बिजली बंद करवाई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर खरड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मेवा लाल के तीन बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं और परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। स्थानीय लोगों ने खुले तारों की जांच, पोल सुरक्षित करने और जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल सुधार की मांग की है।

