सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: सेक्टर-23 स्थित मुनि सभा मंदिर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाई गई। रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक विद्युत झांकियों से सजा मंदिर परिसर देर रात तक भक्ति गीतों व श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंजता रहा। जन्मोत्सव की घड़ी आते ही श्रद्धालुओं ने ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय कर दिया।
समारोह में सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का संदेश धर्म, कर्तव्य, मानवता और लोककल्याण का मार्ग दिखाता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से इन आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।स्वामी रसिक महाराज ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को भी सामाजिक एवं धार्मिक जिम्मेदारी बताते हुए प्रकृति की रक्षा का संदेश दिया।
इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को माखन-मिश्री का भोग लगाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। मंदिर सभा के प्रधान दलीप चंद गुप्ता ने सहयोगियों व अतिथियों का आभार जताया। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
।

