सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़ : पंजाब के एडवोकेट जनरल मनिंदरजीत सिंह बेदी पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के चेयरमैन नियुक्तचंडीगढ़, 28 अगस्त। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने पंजाब के एडवोकेट जनरल स. मनिंदरजीत सिंह बेदी को पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल का चेयरमैन नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को क्षेत्र के कानूनी एवं न्यायिक समुदाय के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स. बेदी वर्तमान में पंजाब के एडवोकेट जनरल के पद पर सेवाएं दे रहे हैं और उन्हें कानूनी क्षेत्र में लंबे अनुभव तथा व्यापक पेशेवर समझ के लिए जाना जाता है। पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अधिवक्ताओं के पेशे तथा कानूनी शिक्षा से जुड़े मामलों के नियमन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
चेयरमैन के रूप में स. बेदी के समक्ष अधिवक्ताओं के कल्याण, पेशेवर हितों की रक्षा, कानूनी शिक्षा को और बेहतर बनाने तथा बार से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां रहेंगी। उनकी नियुक्ति से बार और बेंच के बीच समन्वय को और प्रभावी बनाने की उम्मीद भी जताई जा रही है।
नवनियुक्त चेयरमैन स. मनिंदरजीत सिंह बेदी ने उन पर विश्वास जताने के लिए वकील समुदाय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह अधिवक्ताओं के कल्याण और हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। साथ ही, कानूनी पेशे में उच्च पेशेवर एवं नैतिक मानकों को बनाए रखने, कानूनी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा अधिवक्ताओं के लिए आवश्यक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
स. बेदी की नियुक्ति का पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कानूनी समुदाय ने स्वागत किया है। अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में बार काउंसिल अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों के समाधान और कानूनी पेशे को और सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएगी।

