सिटीन्यूज़ नॉउ
पंचकूला: अस्पतालों में रक्त की कमी को दूर करने और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से विश्वास फाउंडेशन पंचकूला ने गुरुदेव श्री स्वामी विश्वास जी के आशीर्वाद से माता मनसा देवी मंदिर परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया। शिविर का आयोजन माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड तथा इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा पंचकूला के सहयोग से किया गया।
शिविर में होमी भाभा कैंसर इंस्टीट्यूट, मुल्लानपुर के ब्लड बैंक की टीम ने डॉ. नवीन बंसल की देखरेख में रक्त एकत्रित किया। रक्तदान से पहले सभी इच्छुक श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच की गई और चिकित्सकीय रूप से योग्य पाए गए लोगों से ही रक्तदान कराया गया। शिविर में कुल 30 श्रद्धालुओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा में योगदान दिया।
विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचा सकता है। उन्होंने कहा कि संस्था नियमित रूप से ऐसे शिविर आयोजित कर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित कर रही है।
संयुक्त सचिव ऋषि सरल विश्वास ने रक्तदाताओं, माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी और मेडिकल टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करता है। शिविर के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा-पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।

