सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक विनोद कापड़ी की फिल्म ‘चिता’ को सिनेमाघरों में दर्शकों का शानदार प्रतिसाद मिल रहा है। 30 अक्टूबर 2026 को रिलीज हुई यह फिल्म शुरुआत में सीमित शो के साथ प्रदर्शित हुई थी, लेकिन दर्शकों की बढ़ती मांग को देखते हुए देश के प्रमुख शहरों में इसके शो की संख्या में 60 से 70 प्रतिशत तक वृद्धि की गई है। दिल्ली और उत्तराखंड में फिल्म को विशेष सराहना मिल रही है।
प्यार, संघर्ष, आपसी साथ और ग्रामीण भारत की वास्तविक परिस्थितियों पर आधारित यह फिल्म दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ रही है। निर्देशक विनोद कापड़ी ने दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीमित शो से शुरू हुआ फिल्म का सफर अब सकारात्मक प्रतिक्रिया के साथ आगे बढ़ रहा है।
फिल्म के प्रचार अभियान के तहत मुख्य कलाकार पदम सिंह और हीरा देवी ने हाल ही में चंडीगढ़ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सिटी में मीडिया से मुलाकात कर फिल्म और अपने अनुभव साझा किए। उत्तराखंड के पहाड़ों की पृष्ठभूमि में बनी इस फिल्म को निर्माताओं ने 99वें अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर) के लिए भारत की स्वतंत्र प्रविष्टि के रूप में भी विचारार्थ प्रस्तुत किया है।

