सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़। भारत विकास परिषद, ईस्ट-1, चंडीगढ़ ने पुलिस थाना सेक्टर-26 की समावेश टोली के सहयोग से राजकीय मॉडल हाई स्कूल, सेक्टर-26 में वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया। अभियान के तहत विद्यालय परिसर में करीब 20 पौधे लगाए गए तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और पौधों की देखभाल का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक भूपिंदर पाल, दलविंदर सिंह, रेनू त्यागी, प्रिया और दविंदर कौर ने सक्रिय भागीदारी निभाई। पुलिस थाना सेक्टर-26 की समावेश टोली के कांस्टेबल उपेंद्र खरब एवं परवीन कुमार ने भी अभियान में हिस्सा लेते हुए विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सभी की साझा जिम्मेदारी है और ऐसे अभियान समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ पुलिस और नागरिकों के बीच सहयोग को भी मजबूत करते हैं।भारत विकास परिषद, ईस्ट-1 की अध्यक्ष श्रीमती नीलम गुप्ता ने विद्यालय प्रशासन और चंडीगढ़ पुलिस के सहयोग की सराहना करते हुए सभी से पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
परिषद के केंद्रीय ज़ोन के पर्यावरण संयोजक जसज्योत सिंह अल्मस्त ने बताया कि वर्ष 2026 में 1,500 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से अब तक लगभग 900 पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसहभागिता से यह लक्ष्य जल्द पूरा होगा।

