HomeNewsमानसून में जलभराव रोकने के लिए ट्रेडर्स एसोसिएशन ने नगर निगम को...

मानसून में जलभराव रोकने के लिए ट्रेडर्स एसोसिएशन ने नगर निगम को दिए सुझाव

सिटीन्यूज़ नॉउ

चंडीगढ़। चंडीगढ़ ट्रेडर्स एसोसिएशन (रजि.) सेक्टर-17 के अध्यक्ष एवं स्वच्छ भारत मिशन, चंडीगढ़ के ब्रांड एंबेसडर कमलजीत सिंह पंछी ने मानसून के दौरान शहर में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए नगर निगम आयुक्त को सुझावों से युक्त एक पत्र सौंपा है। उन्होंने कहा कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाने से शहरवासियों को राहत मिल सकती है और वर्षा जल निकासी व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।

पंछी ने सुझाव दिया कि नालों की सफाई के दौरान निकाले गए कचरे, घास, गाद और मलबे का तुरंत उठान सुनिश्चित किया जाए ताकि बारिश के दौरान यह दोबारा नालों में न पहुंचे। इसके अलावा ड्रेन इनलेट्स पर जाली लगाने, मानसून से पहले सभी वर्षा जल निकासी नालों की विशेष सफाई एवं गाद निकासी, जलभराव वाले क्षेत्रों में डी-वाटरिंग पंपों से लैस आपातकालीन टीमों की तैनाती तथा सड़कों के किनारे पड़ी निर्माण सामग्री और मलबे को नियमित रूप से हटाने की मांग की गई।

उन्होंने नालों में कचरा फेंकने के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चलाने और नियमों का सख्ती से पालन कराने पर भी जोर दिया। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मानसून से पहले सड़क खुदाई और अन्य यूटिलिटी कार्य पूरे करने की आवश्यकता बताई।

पंछी ने कहा कि चंडीगढ़ अपनी सुव्यवस्थित आधारभूत संरचना और स्वच्छता के लिए देशभर में पहचान रखता है। यदि इन सुझावों पर समय रहते अमल किया जाए तो जलभराव की समस्या काफी हद तक कम होगी और नागरिकों को मानसून के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments