सिटीन्यूज़ नॉउ
अमृतसर: गुरु नानक देव विश्वविद्यालय 12 जुलाई को अपना 51वां दीक्षांत समारोह आयोजित करेगा। समारोह में 490 विद्यार्थियों को विभिन्न संकायों की डिग्रियां, 90 शोधार्थियों को पीएचडी, तीन चांसलर मेडल तथा 37 मेमोरियल मेडल प्रदान किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थी एवं अमेरिका के प्रतिष्ठित अटॉर्नी-एट-लॉ जसप्रीत सिंह को डॉक्टर ऑफ लॉ (ऑनोरिस कॉज़ा) की मानद उपाधि से सम्मानित किया जाएगा।समारोह में पंजाब के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के चांसलर गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। वर्ष 1969 में स्थापित गुरु नानक देव विश्वविद्यालय आज उच्च शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में देश के अग्रणी संस्थानों में शामिल है।
उप कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह के नेतृत्व में पिछले डेढ़ वर्ष के दौरान विश्वविद्यालय ने अनुसंधान, उद्योग-अकादमिक सहयोग, डिजिटल अवसंरचना, अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों और विद्यार्थी-केंद्रित पहलों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। राष्ट्रीय क्वांटम मिशन के अंतर्गत महत्वपूर्ण शोध परियोजनाएं, वैश्विक संस्थानों के साथ सहयोग, नई डिजिटल सेवाएं तथा बेहतर प्लेसमेंट विश्वविद्यालय की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं।
खेलों के क्षेत्र में भी विश्वविद्यालय ने अपनी प्रतिष्ठा कायम रखते हुए अब तक 25 बार माका ट्रॉफी अपने नाम की है। हाल ही में कैनोइंग एवं कयाकिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन और सांस्कृतिक आयोजनों में राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों ने इसकी पहचान को और मजबूत किया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार 51वां दीक्षांत समारोह केवल डिग्रियां प्रदान करने का अवसर नहीं, बल्कि संस्थान की गौरवशाली विरासत, शैक्षणिक उत्कृष्टता और भविष्य के विजन का उत्सव भी होगा।

