सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टाई चंडीगढ़ की ओर से अटल इन्क्यूबेशन सेंटर (एआईसी), इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) में टाई वूमेन ग्लोबल पिच कॉम्पिटिशन-2026 के चंडीगढ़ चैप्टर फाइनल्स आयोजित किए गए। प्रतियोगिता में चुनी गई 10 महिला उद्यमियों ने निर्णायक मंडल के सामने अपने स्टार्टअप और व्यावसायिक विचारों की प्रभावी प्रस्तुति दी।
प्रतियोगिता में मेडट्रिक्स टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड की डॉ. अक्षप्रीत कौर ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। शिताशी इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड की डॉ. सुनीता मेहता प्रथम रनर-अप और मैक्स पॉजिटिव प्राइवेट लिमिटेड की किरण कंवर द्वितीय रनर-अप रहीं।
फाइनल में दिव्या बिंद्रा, डॉ. गगनदीप कौर गुलाटी, डॉ. रवनीत कौर, मनपिंदर कौर बाजवा, प्रांचल नारंग, तनदीप संगरा और वरुणदीप कौर ने भी अपने उद्यम प्रस्तुत किए।जूरी में डॉ. जतिंदर कौर अरोड़ा, मनराज ग्रेवाल शर्मा, शुभम मारकेन और विकास बंसल शामिल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ टाई चंडीगढ़ के प्रेसिडेंट ब्रह्म अलरेजा के स्वागत संबोधन से हुआ। विकास बंसल ने प्रेरक सत्र में प्रतिभागियों को उद्यमिता के नए अवसरों से अवगत कराया। टाई ग्लोबल के प्रतिनिधि अंशुमन सिन्हा और हरित मोहन ने भी अपने विचार साझा किए।विजेता डॉ. अक्षप्रीत कौर अब ग्लोबल प्रतियोगिता के अगले चरण में चंडीगढ़ चैप्टर का प्रतिनिधित्व करेंगी।
टाई वूमेन महिला उद्यमियों को वैश्विक मंच, निवेश, मेंटरशिप और नेटवर्किंग के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम करता है। टाई ग्लोबल समिट का समापन दिसंबर 2026 में इंदौर में होगा।

