सिटीन्यूज़ नॉउ
अमृतसर: पूर्व राजदूत एवं साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता स. नवतेज सिंह सरना, आई.एफ.एस. ने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय की भाई गुरदास लाइब्रेरी में स्थापित स. नानक सिंह सेंटर का दौरा किया।
इस अवसर पर सेंटर की कोऑर्डिनेटर एवं पंजाबी अध्ययन स्कूल की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. हरिंदर कौर सोहल ने उनका स्वागत किया और ‘नानक सिंह की गल्पकारी: खोज-दृष्टि’ पुस्तक भेंट की।स. नवतेज सिंह सरना ने सेंटर की सराहना करते हुए कहा कि प्रसिद्ध उपन्यासकार नानक सिंह की रचनाओं का संरक्षण विश्वविद्यालय का सराहनीय प्रयास है।
उन्होंने कहा कि नानक सिंह के साहित्य का केंद्र मानव जीवन है और उनकी रचनाओं में धर्म, जाति, आर्थिक असमानता व सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, दया, सहानुभूति और नैतिक मूल्यों को प्रमुखता दी गई है।उन्होंने पंजाबी भाषा एवं साहित्य के विकास के लिए गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के प्रयासों की प्रशंसा की।
सेंटर के बारे में जानकारी देते हुए नानक सिंह के पोते एवं संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत नवदीप सिंह सूरी ने कहा कि यहां उनकी पुरानी व अनमोल रचनाओं को संरक्षित किया गया है। उन्होंने सेंटर की अकादमिक गतिविधियों के लिए उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह के योगदान की सराहना की।
डॉ. सोहल ने कहा कि सेंटर नानक सिंह के संपूर्ण रचनात्मक संसार की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत करता है। इस अवसर पर डॉ. राजविंदर कौर, डॉ. सिमरजीत सिंह, डॉ. कंवलदीप कौर, शोधार्थी, विद्यार्थी व लाइब्रेरी स्टाफ उपस्थित रहे।

