सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ: रंगमंच पर विशेष क्षमताओं वाले विशेष बच्चों ने अपनी अभिनय प्रस्तुतियों से रंगमंच पर नए रंग भर दिए। एक बेहतरीन और कलात्मक अदाकारी के एक ऐतिहासिक उत्सव के रूप में, स्माइलिंग डैंडेलियन फाउंडेशन ने, डिस्कवर एबिलिटी स्पेशल स्कूल और डाउन सिंड्रोम फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से, शनिवार को यहां सेक्टर 16 स्थित पंजाब कला भवन में, अपनी अभूतपूर्व नाट्य प्रस्तुति ‘अंधेर नगरी चौपट राजा’का सफलतापूर्वक मंचन किया।
ये नाटक खास तौर पर विश्व डाउन सिंड्रोम दिवस के अवसर पर मंचित किया गया।शुचि गुप्ता द्वारा डायरेक्ट किए गए इस नाटक में, बौद्धिक तौर पर विशेष क्षमताओं वाले 35 बच्चों और युवाओं ने मुख्य कलाकारों के रूप में अभिनय किया, और उन्होंने मंत्रमुग्ध दर्शकों के सामने एक क्लासिक हिंदी नाटक प्रस्तुत किया। ये नाटक सामान्य तौर पर प्रस्तुत किए जाने वाले नाटकों के समान ही पूर्ण अवधि का था।
इस कार्यक्रम में माधवी कटारिया, स्टेट कमिश्नर फॉर पर्संस विद डिसेबिलिटीज ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति दर्ज कराई। अपने दृष्टिकोण को साझा करते हुए, स्माइलिंग डैंडेलियन फाउंडेशन की संस्थापक शिवानी ढिल्लों ने कहा कि “यह प्रस्तुति एक सपना सच होने जैसा था। मैं सभी स्थापित पूर्वाग्रहों को चुनौती देना, सोच को बदलना और सीमाओं के बजाय उनकी क्षमताओं को उजागर करना चाहती थी।
इस उपलब्धि पर अपने विचार व्यक्त करते हुए, डिस्कवर एबिलिटी स्पेशल स्कूल की सह-संस्थापक पूनम चौधरी ने कहा कि “जो कभी असंभव प्रतीत होता था, अब संभव हो चुका है—हमारे विद्यार्थियों ने मंच पर हास्य, ऊर्जा और आनंद का संचार कर दिया।”बच्चों की टीचर इंदु बाला केसवानी ने कहा कि प्रतिभागियों का आत्मविश्वास और छिपी हुई प्रतिभाओं को उभरते देखना सभी के लिए दिल को छू लेने वाला अनुभव था।
इस पहल ने उन्हें अनुभवी कलाकारों के साथ मिलकर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक सार्थक मंच प्रदान किया है। इस असाधारण प्रतिभा को दुनिया के सामने लाना हमेशा से मेरा सपना रहा है, और इसे हकीकत बनाने के लिए मैं शिवानी का तहे दिल से शुक्रिया अदा करती हूं।

