सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: नगर निगम चंडीगढ़ ने शुक्रवार को अवैध अतिक्रमण, गैरकानूनी रेहड़ी-फड़ी और नगर निगम की भूमि पर संचालित अवैध मैकेनिक गतिविधियों के खिलाफ शहर के विभिन्न हिस्सों में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान सेक्टर-13, मनीमाजरा और सेक्टर-38 स्थित मोटर मार्केट में अवैध रूप से चल रही ऑटोमोबाइल मरम्मत और पेंटिंग गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए 12 वाहन और कई यांत्रिक उपकरण जब्त किए गए।
नगर निगम की प्रवर्तन टीमों ने ट्रक, कारें, टिप्पर, जैक और रबर मशीन सहित विभिन्न उपकरणों को कब्जे में लिया, जिनका उपयोग अवैध मैकेनिकों द्वारा किया जा रहा था। इसके अलावा राम दरबार फेज-2, सेक्टर-32, 41, 45 लाइट प्वाइंट, सेक्टर-46 और नया गांव बैरियर क्षेत्र में अतिक्रमण एवं अवैध रेहड़ी-फड़ी हटाने का अभियान भी चलाया गया।
पूरे दिन चली कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाकर पैदल यात्रियों और यातायात की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित की गई। अभियान के दौरान कुल 83 चालान जारी किए गए, जबकि 4 ट्रक और 8 कारें जब्त की गईं। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नागरिकों से शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

