सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़। ब्रह्मलीन श्री सतगुरु देव श्री श्री 108 श्री मुनि गौरवानंद गिरि जी महाराज की 39वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में श्री महावीर मंदिर मुनि सभा (साधू आश्रम), सेक्टर-23 में तीन दिवसीय धार्मिक समारोह श्रद्धा एवं भक्ति के साथ शुरू हुआ। प्रथम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजन, हनुमान चालीसा पाठ, भजन-कीर्तन और सत्संग में भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया।
इस अवसर पर कथा व्यास हरि जी महाराज ने कहा कि प्रभु की कथा सुनने से मन में भक्ति, श्रद्धा, सकारात्मक सोच और आत्मिक शांति का विकास होता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन का उद्देश्य केवल भौतिक सुख-सुविधाएं प्राप्त करना नहीं, बल्कि ईश्वर का स्मरण, सत्संग और संतों के सानिध्य में रहकर जीवन को सार्थक बनाना है। उन्होंने कहा कि जैसे स्नान से बाहरी शुद्धि होती है, वैसे ही भजन और सत्संग से मन की शुद्धि होती है।
कथा के दौरान उन्होंने “मुरली वाले ने ऐसा कर्म कर दिया”, “तेरे बांके अदा ने सांवरे” और “संतन के संग लागे रे” जैसे भजन प्रस्तुत किए, जिन्हें सुन श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। समारोह में सभा के प्रधान दिलीप चंद गुप्ता सहित पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

