सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़। नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) इंडिया की ओर से डीएवी स्कूल, सेक्टर-8 में ऑनलाइन एंटी-डोपिंग शिक्षा एवं जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इसमें यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) के 432 क्रिकेटरों ने भाग लिया। प्रतिभागियों में 320 लड़के और 112 लड़कियां शामिल थीं। जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों के खिलाड़ियों ने इस सत्र का लाभ उठाया।
सत्र का उद्देश्य खिलाड़ियों को स्वच्छ खेल, एंटी-डोपिंग नियमों, खिलाड़ियों के अधिकारों और जिम्मेदारियों के साथ-साथ डोपिंग से जुड़े नियमों की जानकारी देना था। कार्यक्रम का संचालन नाडा इंडिया के डोप कंट्रोल ऑफिसर एवं एजुकेटर सचिन कुमार गोयल ने किया।उन्होंने खिलाड़ियों को वर्ल्ड एंटी-डोपिंग कोड, प्रतिबंधित दवाओं और तरीकों, थैरेप्यूटिक यूज़ एग्जेम्प्शन (टीयूई), डोप टेस्ट की प्रक्रिया तथा खेलों में ईमानदारी और निष्पक्षता बनाए रखने के महत्व के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान खिलाड़ियों के सवालों के जवाब भी दिए गए और दवाइयों व सप्लीमेंट्स के सुरक्षित उपयोग को लेकर जरूरी सुझाव साझा किए गए।यूटीसीए के सचिव हरि सिंह खुराना ने नाडा इंडिया का आभार जताते हुए कहा कि खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षण के साथ एंटी-डोपिंग नियमों की जानकारी देना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम खिलाड़ियों में अनुशासन, ईमानदारी और खेल भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

