सिटीन्यूज़ नॉउ
चंडीगढ़: मेहर चंद महाजन डीएवी महिला महाविद्यालय (एमसीएम) में इंडक्शन वीक-2026 के तहत आईक्यूएसी एवं वाडा क्लब द्वारा आयोजित ‘नो नशा नेशन’ कार्यक्रम में आर्य युवा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी सूरी ने युवाओं से नशामुक्त भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं “स्वामी दयानंद सरस्वती की तलवार बनकर नशे रूपी दानव का संहार करें।”
मुख्य अतिथि योगी सूरी ने कहा कि सच्ची स्वतंत्रता विवेकपूर्ण निर्णय लेने और आत्मानुशासन अपनाने में है। उन्होंने कहा कि नशे के साथ-साथ डिजिटल निर्भरता भी युवाओं का बहुमूल्य समय और भविष्य छीन रही है। उन्होंने नशे से पूर्ण दूरी बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा कि संस्कार, अनुशासन और वैदिक विचार ही युवाओं को सही दिशा दे सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी को ‘नो नशा नेशन’ की शपथ भी दिलाई।विशिष्ट अतिथि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, चंडीगढ़ के जोनल निदेशक अमनजीत सिंह, आईआरएस ने नशे से जुड़े प्रचलित भ्रमों का खंडन करते हुए छात्राओं को इसके बुरे परिणामों से अवगत कराया।
उन्होंने टेली-मानस हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए युवाओं से नशामुक्त भारत के दूत बनने का आह्वान किया।डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. अनूप कुमार वत्स ने कहा कि ‘नो नशा नेशन’ अभियान अब राष्ट्रीय जनआंदोलन बन चुका है। कार्यवाहक प्राचार्या नीना शर्मा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करते हैं।
इस अवसर पर पंजाब विश्वविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को आईक्यूएसी छात्रवृत्तियां प्रदान की गईं तथा नशे के दुष्परिणामों पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में आर.सी. जीवन, प्रिया सूरी, नरेश नैय्यर और सुमन नैय्यर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

